हमीरपुर, : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में अगस्त माह में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रहण में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई और इसी के साथ राज्य में 398 करोड़ रुपये जीएसटी संग्रहण किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त युनूस ने आज यहां बताया कि अगस्त, 2022 में 398 करोड़ रुपये जीएसटी संग्रहण किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष के दौरान प्रथम पांच माह में जीएसटी संग्रहण पिछले वर्ष की समान अवधि के 1,634 करोड़ रुपये के संग्रहण की तुलना में 2,255 करोड़ रुपये रहा है।
उन्होंने कहा कि यह वृद्धि करदाताओं में कर अदायगी सम्बंधी अनुपालना में सुधार तथा विभाग द्वारा किए गए विभिन्न प्रशासनिक एवं नीतिगत प्रयासों तथा प्रवर्तन प्रणाली के सुदृढ़ीकरण से संभव हो पाई है। वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान 25 प्रतिशत की वार्षिक संचयी वृद्धि का लक्ष्य हासिल करने के लिए विभाग ने रिटर्न फाइलिंग में निरन्तर सुधार, रिटर्न की तीव्र छंटनी, जीएसटी ऑडिट को समय पर पूरा करना और मजबूत प्रवर्तन पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित किया है।
विभाग ने वर्तमान वित्त वर्ष में अपने रोड चैकिंग अभियान में पांच लाख 60 हजार ई-वे बिल सत्यापित किए हैं। विभाग स्वैच्छिक अनुपालन में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और टैक्स हाट कार्यक्रम के तहत समयबद्ध रूप से हितधारकों के मुद्दों का निवारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस माह के दौरान हितधारकों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना तैयार की गई है।
हिमाचल में जीएसटी संग्रह में 14 प्रतिशत की वृद्धि