वारंगल : तेलंगाना के वारंगल जिले के वर्धन्नापेट में स्थित गिरिजन आश्रम गर्ल्स हाई स्कूल छात्रावास में दूषित खाना खाने से करीब 33 छात्राएं बीमार पड़ गईं। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वर्धन्नापेट स्थित आश्रम स्कूल में 192 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इनमें से 150 छात्रों ने सोमवार शाम करीब सात बजे जब खाना खा रहे थे तो उनमें से एक छात्रा को खाने में मरी हुई छिपकली दिखाई दी। इस मामले की सूचना कुकिंग मास्टर को दी गई और उन्हें खाना परोसना बंद कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि छात्रावास की 33 छात्राओं को खाना खाने के एक घंटे बाद पेट दर्द और उल्टी आने लगी। आश्रम के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को बुलाया और छात्राओं को वर्धनपेट सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पीड़ित 33 छात्राओं में से आठ छात्राओं की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
इस बीच स्वास्थ्य मंत्री हरीश राव, ग्रामीण विकास मंत्री एराबेली दयाकर राव और आदिवासी मामलों के मंत्री सत्यवती राठौड़ ने एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ वी चंद्रशेखर को फोन कर पीड़ित छात्राओं के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने डॉ चंद्रशेखर को यह भी सुझाव दिया कि यदि आवश्यक हो तो छात्राओं को हैदराबाद एनआईएमएस अस्पताल ले जाया जाए।
तेलंगाना के एक छात्रावास में दूषित खाना खाने से बीमार पड़ी 33 छात्राएं