गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दशहरा रैली के लिए सेना पहुंची उच्च न्यायालय

मुंबई : उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने बुधवार को बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को निर्देश देने का अनुरोध किया कि वह शिवाजी पार्क में वार्षिक दशहरा रैली की अनुमति प्रदान करे। याचिका में अनुरोध किया गया है कि उच्च न्यायालय पांच अक्टूबर की रैली के लिए बीएमसी को तीन दिनों में अनुमति देने का निर्देश दे। इस याचिका को न्यायमूर्ति आर डी धानुका और न्यायमूर्ति कमल खता की बेंच के समक्ष डाला गया है और तत्काल सुनवाई की मांग की गई है।
याचिका के अनुसार 1966 में दिवंगत बालासाहेब ठाकरे ने एक राजनीतिक दल के रूप में शिवसेना की स्थापना की थी और तब से शिवसेना शिवाजी पार्क में अपना दशहरा रैली आयोजित कर रही है। याचिका में कहा गया कि शिवसेना ने इस वर्ष पांच अक्टूबर की रैली के लिए 22 और 26 अगस्त को बीएमसी में आवेदन दिया था लेकिन 20 दिन से ज्यादा समय गुजरने के बाद भी बीएमसी ने कोई जवाब नहीं दिया है और न ही अनुमति दी है।
यह भी कहा गया कि बीएमसी के पास अनुमति नहीं देने का कोई कारण नहीं है और आवेदन पर तत्काल निर्णय लिया जाना चाहिए। याचिका में यह भी कहा गया है कि दशहारा रैली में शामिल होने के लिए पूरे महाराष्ट्र से पार्टी कार्यकर्ता और नेता बिना किसी औपचारिक निमंत्रण के शिवाजी पार्क पहुंचते हैं। आवेदन में कानून का पालन करने का भी वचन दिया गया है और कहा गया है कि दशहरा रैली में कभी भी शर्तों का उल्लंघन नहीं हुआ है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी कभी बाधित नहीं हुई है।

Leave a Reply