पटना : बिहार में मानसून एक्टिव है। इसे लेकर मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 6 जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश के आसार हैं। वहीं बुधवार को वज्रपात से राज्य में 7 लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर CM नीतीश कुमार ने अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही लोगों से सतर्क रहने की अपील की। बिहार में हो रही अच्छी बारिश से ज्यादातर नदियों का जलस्तर अब रौद्र रूप धारण करने लगा है। नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस जाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिहार के जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया, सहरसा, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में अच्छी बारिश की संभावना है। वहीं किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, कटिहार और भागलपुर के कुछ हिस्सों वज्रपात के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार का मौसम अगले दो दिन इसी तरह का रहेगा। पूरे बिहार में बादलों जैसा आवरण रहेंगे। पटना समेत 26 जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। बीच बीच में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। लेकिन उमस लोगों को थोड़ा परेशान करेगी। इधर, बुधवार को प्रदेश के 4 जिलों में वज्रपात से 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें गया के 3, रोहतास के 2, औरंगाबाद और कैमूर के 1-1 लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में सतर्क रहें। जरूरी ना हो तो घर में रहें।