गाजीपुर : उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के सेवराई तहसील अंतर्गत रेवतीपुर थाना के अठहटा गांव के पास बुधवार को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में यात्रियों से भरी नाव डूब गई जिसमें सवार दो यात्रियों की मृत्यु हो गयी जबकि पांच बच्चे लापता बताये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाव हादसे को लेकर जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने जिलाधिकारी, डीआईजी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को तत्काल मौके पर जाने के निर्देश दिए। श्री योगी ने हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाम पांच बजे करीब 30 लोग नाव पर सवार होकर घर जा रहे थे जिसमें 15 आदमी, 10 महिला और पांच बच्चे व पशुओ का चारा लदा हुआ था। अठहठा गांव से पहले पुलिया के पास अचानक नाव में पानी भरने लगा। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीखपुकार सुनकर किनारे पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। डूब रहे लोगों को किसी तरह पानी से बाहर निकाला गया। सभी को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर उपचार के लिए भदौरा सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने अठहठा गांव निवासी शिव शंकर उर्फ डब्लू गौड़ (40) और नगीना पासवान (50) को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल नाविक राम सिंह का उपचार चल रहा है। इधर नाव पर सवार दयाशंकर की पुत्री, मृतक शिव शंकर उर्फ डब्लू गौड़ की पुत्री और झटहां की पुत्री के अलावा अनिल पासवान और कमलेश का पुत्र लापता है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
गाजीपुर में बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में नाव डूबी, दो मरे पांच लापता