गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रोडरेज में बस चालक की ली जान, कर्मियों को कुचला,रोडवेज कर्मियों ने चार घंटे तक रखा चक्का जाम

सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत में जीटी रोड पर कुंडली के पास मंगलवार को रोडरेज की घटना में हरियाणा रोडवेज के बस चालक की थार जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं बस के चालक-परिचालक को भी घायल कर दिया। साइड नहीं दिए जाने को लेकर हुए विवाद में जीप में सवार युवक-युवतियों ने रोडवेज बस को कुंडली में रुकवाया और बस से नीचे उतरे कर्मचारियों को जीप से रौंद दिया। जिससे बस में सवार डयूटी पर जा रहे दूसरी बस के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक-परिचालक घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद दिल्ली नंबर की थार जीप सवार युवक दिल्ली की तरफ भाग गए। घटना से गुस्साए रोडवेज के कर्मचारियों ने पहले सोनीपत व बाद में गोहाना डिपो के गेट पर तालाबंदी कर चक्का जाम कर दिया।
पुलिस ने बस चालक के बेटे के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जीप सवार युवक व युवतियों की तलाश को चार टीम बनाई है। वहीं, घटना से गुस्साएं रोडवेज के कर्मचारियों ने पहले सोनीपत व बाद में गोहाना डिपो के गेट पर तालाबंदी कर चक्का जाम कर दिया। साथ ही प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस व विभागीय अधिकारियों के आश्वासन पर चार घंटे बाद बसों को चलाया जा सका।
सोनीपत के सरस्वती विहार निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता जगबीर सिंह (49) हरियाणा रोडवेज के दिल्ली डिपो में बतौर चालक कार्यरत थे। वह मंगलवार तड़के अपनी बस के परिचालक बिजेंद्र के साथ सोनीपत डिपो से हरियाणा रोडवेज की बस में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। बस को चालक प्रमोद चला रहा था और उसके साथ बतौर परिचालक फतेह सिंह टिकट बना रहा था। बस तड़के करीब चार बजे सोनीपत से दिल्ली के लिए चली गई थी।

जब बस बहालगढ़ के पास पहुंची तो इसी दौरान थार जीप सवार कभी आगे तो कभी पीछे लापरवाही करते हुए अपनी गाड़ी दौड़ाने लगे। जब वह कुंडली के पास पहुंचे तो उन्होंने रोडवेज की बस को रुकवा लिया। उन्होंने अपनी जीप को बस के पीछे खड़ा कर दिया।
इस दौरान चालक प्रमोद, परिचालक फतेह सिंह, उनके पिता जगबीर सिंह व अन्य सवारी भी बस से उतर आई। जब तक कोई कुछ समझ पाता अचानक जीप चालक ने सड़क पर खड़े उसके पिता जगबीर, बस चालक प्रमोद व परिचालक फतेह सिंह को जान से मारने की नीयत ने जीप से कुचल दिया और भाग गया। इस दौरान उनके पिता जगबीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। फतेह सिंह व चालक प्रमोद घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में उपचार दिलवाया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में पहुंचाया। मामले में पुलिस ने दीपक के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शाम को शव का पोस्टमार्टम कराया।
घटना के बाद गुस्साएं रोडवेज कर्मियों ने कुंडली थाना में एकत्रित होकर जमकर रोष जताया। वहां से रोडवेज कर्मी सोनीपत पहुंचे और रोडवेज बस अड्डे के गेट पर ताला जड़कर चार घंटे तक चक्का जाम रखा। बाद में एसडीएम गन्नौर एवं परिवहन अधिकारी हरियाणा रोडवेज दिल्ली डिपो सुरेंद्र दून, डीएसपी वीरेंद्र व थाना प्रभारी बिजेंद्र ने समझाकर शांत किया और चक्का जाम खुलवाया। उसके बाद रोडवेज बसों का परिचालन शुरू हो सका।
रोडवेज कर्मचारी संघ के प्रधान रामपत सिंह ने बस में सवारों के हवाले से बताया कि जीप सवार अभद्रता करते हुए चल रहे थे। जगबीर सिंह को दिल्ली से अपनी बस लेकर चंडीगढ़ जाना था। प्रमोद कुमार जब बस लेकर बहालगढ़ से दिल्ली हाईवे पर चले तो पीछे से थार जीप आई। थार में सवार युवकों ने लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। आगे जगह नहीं होने के कारण उनको साइड देने में थोड़ी देर हो गई। इस पर जीप के खुले सनरूफ से युवतियों ने अभद्रता शुरू कर दी। चालक प्रमोद ने बस को धीमी करके उनको साइड दे दी। वह उन्हें धमकी देकर आगे निकले। उसके बाद लापरवाही करते हुए जीप को दौडऩे लगे। कुंडली पहुंचकर बस से नीचे उतरे कर्मियों को कुचलकर भाग गए। जगबीर रोडवेज में वर्ष 2009 बैच के चालक थे।
कुंडली के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने कहा कि चालक के बेटे के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जीप व उसमें सवार युवक-युवतियों का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। कुंडली पुलिस और सीआईए की चार टीम उनकी तलाश में लगी है। जल्द उनका पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply