नई दिल्ली: ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। डीयू पीआरओ अनूप लाठर ने बताया कि इसी कड़ी में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा 10 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में डीयू के शिक्षक और गैर-शिक्षक वर्ग व विद्यार्थियों सहित 1000 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे और लगभग 4 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो योगेश सिंह द्वारा किया जाएगा। इस तिरंगा यात्रा में विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी और शिक्षक वर्ग शामिल होंगे।
यात्रा के आयोजक डीन स्टूडेंट वैलफेयर (डीएसडबल्यू) प्रो. पंकज अरोड़ा ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आम नागरिकों और विशेष रूप से विश्वविद्यालय समुदाय के दिलों में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और अपनेपन की भावना पैदा करना है। उन्होने कहा कि इस आयोजन से युवा पीढ़ी विशेषकर विद्यार्थी वर्ग को हमारे स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी उन महत्वपूर्ण घटनाओं को समझने में और उन टूटे हुए सूत्रों को फिर से जोड़ने में मदद मिलेगी जिनकी बदौलत 15 अगस्त 1947 को भारत स्वतंत्र हुआ।
तिरंगा यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए उन्होने बताया कि इस यात्रा की शुरुआत सुबह 8 बजे डीयू के गेट नंबर एक स्थित गांधी प्रतिमा से होगी और दिल्ली स्कूल ऑफ सोशल वर्क, म्यूजिक फैकल्टी, शिक्षा विभाग, मिरांडा हाउस, लॉ फैकल्टी, हिंदू कॉलेज, सेंट स्टीफेंस कॉलेज से होते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के गेट नंबर एक पर समाप्त होगी।
7 स्थानों पर बनेंगे सेल्फी पॉइंट
प्रो. अरोड़ा ने बताया कि युवा पीढ़ियों के बीच मूल्यों के विकास में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका और प्रासंगिकता को निभाते हुए ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के दौरान तिरंगा यात्रा के उपलक्ष्य में दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों, विभागों, संस्थानों, केन्द्रों और छात्रावासों द्वारा अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में बीस फीट ऊंचाई के राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने के लिए सात स्थानों कला संकाय, विधि संकाय, शिक्षा संकाय, प्रबंधन अध्ययन संकाय (एफएमएस), दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (डीएसई), कान्फ्रेंस सेंटर और विज्ञान संकाय की पहचान की गई है। इन स्थानों को सेल्फी पॉइंट के रूप में भी चिह्नित किया गया है, जिसका उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को तिरंगा (राष्ट्रीय ध्वज) के साथ तस्वीरें और सेल्फी क्लिक करने के लिए प्रोत्साहित करना है। विश्वविद्यालय समुदाय को राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी क्लिक करने और उन्हें व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया हैंडल पर अपनी डीपी के रूप में डालने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। यही नहीं उन्हें अपने जियोग्राफ़िक कोर्डिनेटस (जियो टैग) के अनुसार डीयू की वेबसाइट पर ध्वज को पिन करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है।
अभियान कोलोकप्रिय बनाने के लिए संस्थानों को दिये सुझाव
उन्होने बताया कि कॉलेजों/ विभागों/ संस्थानों/ केंद्रों/ छात्रावासों को यह सुझाव दिया गया है कि वे भी इस अभियान को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रश्नोत्तरी/ सेमिनार/ नुक्कड़ नाटक/ रैली आदि जैसे विशेष कार्यक्रमआयोजित करें। इसके साथ ही इन संस्थानों को यह भी सुझाव दिया गया है कि नवीनतम गतिविधियों को’हर घर तिरंगा वेबसाइट: https://harghartiranga.com के साथ पोस्ट करके अपने संबंधि तसंस्थान की वेबसाइटों को अपडेट करें।