ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क में झूला झूलने दौरान करंट उतरने से 12 वर्षीय बच्चे हर्षित की मौत हो गई। एक अन्य बच्चा करंट से झुलस कर घायल हो गया। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बीटा 2 थाना क्षेत्र के अल्फा 2 के सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) पर गणेश महोत्सव चल रहा है। यहां मेल भी लगा। ग्रेटर नोएडा के बिरोड़ी गांव में किराए पर रहने वाला हर्षित (12) अपने पड़ोसियों के साथ गुरुवार रात को मेले में देखने के लिए आया हुआ था। उसके परिजन बाहर गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि हर्षित गोद मे एक छोटे बच्चे प्रियांश(3) को लेकर झूला पर झूल रहा था, झूला झूलने के बाद जब बच्चे नीचे उतरने लगे तो अचानक से झूला(बच्चों की ट्रेन) की सीढ़ी में करंट उतर आया। करंट ने दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।इस दौरान छोटे बच्चे को उसने फेंक दिया। आनन-फानन में झूला को बंद किया गया ।
लेकिन तब तक हर्षित उसमें झुलस चुका था। दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया ,जहां डॉक्टरों ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन वर्षीय बच्चा खतरे से बाहर है।
तीन लोगों को मौके से लिया गया हिरासत में
बीटा 2 थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि झूला में करंट उतरने से एक बच्चे की मौत हो गई है। फिलहाल मौके से 3 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है । मेले में मौजूद सभी झूला को बंद करा दिया गया है। मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा : झूले में करंट उतरने से बच्चे की मौत