गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी के नेतृत्व में भारत समृद्धशाली राष्ट्र बना

जौनपुर : सीमा द्विवेदी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश एक शक्तिशाली और समृद्धशाली राष्ट्र के रूप में संपूर्ण विश्व में अपनी पहचान स्थापित की है। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी आज रविवार को जौनपुर डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता कर रही थी। उन्होंने कहा कि देश ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, हम विश्व की पांचवी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरे हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, भारत लगातार दो तिमाही से सबसे तेजी से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बना है तथा भारत की विकास दर 7 प्रतिशत से अधिक रही है। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह थी कि भारत, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर झंडा फहराने वाला पहला देश बना। भारत की मजबूत वैश्विक स्थिति ऐतिहासिक जी-20 शिखर सम्मेलन के सफलतापूर्वक आयोजन में स्पष्ट रूप से देखी गयी।
उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है और इस क्रम में ही अटल सेतु का निर्माण हुआ। देश को वंदे भारत तथा अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेने मिली हैं। तीन दशक के इंतजार के बाद पारित हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम की सराहना करते हुए कहा कि इससे विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हुई है।
उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र, तेज गति से तभी आगे बढ़ सकता है, जब वह पुरानी चुनौतियों को परास्त करते हुए अपनी ज्यादा से ज्यादा ऊर्जा भविष्य-निर्माण में लगाए, पिछले 10 वर्षों में, भारत ने राष्ट्र हित में ऐसे अनेक कार्यों को पूरा होते हुए देखा है जिनका इंतजार देश के लोगों को दशकों से था। राम मंदिर के निर्माण की आकांक्षा सदियों से थी, आज यह सच हो चुका है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 इतिहास हो चुका है। तीन तलाक के विरुद्ध कड़ा कानून बनाया गया है। शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए नया कानून बनाया गया है। वन रैंक और वन पेंशन लागू की है जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। सेना में सी.डी. एस. की नियुक्ति की है। सरकार ने सुशासन और पारदर्शिता को हर व्यवस्था का मुख्य आधार बनाया है। इसी का परिणाम है कि हम बड़े आर्थिक सुधारों के साक्षी बने हैं। देश को जी.एस.टी. के रूप में एक देश एक टैक्स कानून मिला है।
श्रीमती द्विवेदी ने कहा कि पिछले एक दशक के दौरान मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग में 5 गुना बढ़ोतरी हुई है। कुछ साल पहले भारत खिलौने आयात करता था, आज मेड इन इंडिया खिलौने निर्यात कर रहा है। भारत का डिफेंस प्रोडक्शन एक लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच चुका है। आज हर भारतीय, देश में बने एयक्राफ्ट करियर आई एन एस विक्रांत को देखकर गर्व से भरा हुआ है। लड़ाकू विमान तेजस अब हमारी वायुसेना की ताकत बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज की उपलब्धियां पिछले 10 वर्षों की साधना का विस्तार है। नीति आयोग के अनुसार पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। देश सही दिशा में तथा सही निर्णय लेते बढ़ रहा है। भारत का निर्यात 450 बिलियन डॉलर से बढ़कर 775 बिलियन डॉलर हो चुका है। एफडीआई दोगुना हुआ है। खादी ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री में 4 गुना बढ़ोत्तरी हुई है। आईटीआर फाइल करने वालों की संख्या 3 करोड़ से बढ़कर 8 करोड़ हो चुकी है। स्टार्टअप्स बढ़कर 1 लाख से अधिक हो गए हैं। पिछले साल 1 लाख 60 हजार से अधिक कंपनियां रजिस्टर हुई है। जीएसटी देने वालों की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 40 लाख हो गई है। 10 वर्षों में 21 करोड़ से अधिक वाहन बिके हैं। 2014-15 में लगभग 2 हजार इलेक्ट्रिक वाहन बिके थे जबकि 2023-24 में 15 लाख इलेक्ट्रिक वाहन बिके हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष में देश की महिलाएं सशक्त हुई हैं। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं देश में हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी हो गई है और ग्रामीण क्षेत्रों में चार लाख किलोमीटर नई सड़कें बनाई गई हैं। मेट्रो रेल सेवाएं 20 शहरों तक पहुंच गई हैं जो पहले केवल पांच शहरों तक केंद्रित थीं, जबकि वंदे भारत रेलगाडियां 39 मार्गों पर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत देश की ताकत बन गए हैं और भारत मोबाइल फोन के दूसरे सबसे बड़े निर्यातक के रूप में उभरा है।भारत शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न की घोषणा पर बधाई देते हुए श्रीमती द्विवेदी ने कहा कि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित होना खुशी की बात है। श्री आडवाणी एक कुशल देशभक्त और वरिष्ठ नेता के रूप में अपना पूरा जीवन देश और राजनीति के लिए समर्पित कर दिया है। अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर बनाने का उनका सपना भी सच हो गया है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply