पूर्णिया : केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से बिहार में तेजी से अपराध बढ़ने का दावा करते हुए आज कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में श्री लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का सूपड़ा साफ हो जाएगा और अगले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
श्री शाह ने शुक्रवार को यहां रंगभूमि मैदान में आयोजित भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए कहा, “केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है इसलिए सीमांचल के लोगों को किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता राजद और जदयू का सूपड़ा साफ कर देगी। मुख्यमंत्री श्री कुमार को केवल कुर्सी प्यारी है और इसके लिए वह किसी के साथ भी गठबंधन कर सकते हैं लेकिन वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनते ही प्रदेश में विधि-व्यवस्था की स्थिति चरमरा जाने का अरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों के सत्ता में बैठे होने की वजह से मुख्यमंत्री षड्यंत्र करने वालों को रोक नहीं पाएंगे। घोटालेबाजों को मंत्री देने के बाद से ही श्री कुमार केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पर प्रतिबंध लगाने की बात करने लगे हैं। यह राजद अध्यक्ष श्री यादव का भय और सत्ता का मोह नहीं तो और क्या है। इस राज्य में जंगलराज का खतरा मंडराने लगा है।
श्री शाह ने मुख्यमंत्री श्री कुमार के प्रधानमंत्री बनने को लेकर चल रही अटकलों पर कटाक्ष करते हुए कहा, “कांग्रेस विरोधी राजनीति से उत्पन्न नीतीश बाबू फिर से कांग्रेस और राजद की गोद में जा बैठे हैं। इस तरह सत्ता के स्वार्थ में दल-बदल करके नीतीश बाबू प्रधानमंत्री बन सकते हैं क्या, बिहार में सरकार चल सकती है क्या। लालू जी सुनिए, नीतीश बाबू कल आपको भी धोखा दे देंगे।”
भाजपा के शीर्ष नेता ने कहा कि श्री नीतीश कुमार सबसे पहले देवीलाल गुट में गए, फिर लालू के साथ कपट किया, सबसे बड़ा धोखा जॉर्ज फर्नांडीस को दिया। श्री फर्नांडीस के कंधे पर बैठकर समता पार्टी बनाई और जब तबीयत खराब हुई तो उन्हें पार्टी से ही निकाल दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव को धोखा दिया, फिर भाजपा को पहली बार दोखा दिया, फिर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को धोखा दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को धोखा दिया और अब फिर से प्रधानमंत्री बनने की लालसा में भाजपा को धोखा देकर लालू यादव के साथ चले गए हैं।
श्री शाह ने राजद अध्यक्ष श्री यादव के बयान कि श्री शाह के मन में कुछ तो काला है इसलिए सभी को चौकन्ना रहना है, ये लोग मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करके उन्माद फैलाते हैं और मस्जिद पर भगवा झंडा फहराकर समाज में तनाव उत्पन्न करते हैं पर जमकर हमला बोला और कहा, “मैं सीमांत जिलों में आया हूं तो लालू-नीतीश के पेट में दर्द हो रहा है, कह रहे हैं कि मैं यहां झगड़ा लगाने आया हूं। ये काम लालू परिवार का है। नीतीश लालू की गोदी में बैठे हुए हैं। यहां डर का माहौल है। ये सीमावर्ती जिले हिंदुस्तान का हिस्सा है, किसी को डरने की जरूरत नहीं है।”
गृहमंत्री ने बिहार के लिए मोदी सरकार के 1.35 लाख करोड़ रुपये के काम गिनवाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके कामों का हिसाब मांगा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में 1.25 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का वादा किया था लेकिन उसके मुकाबले हवाईअड्डे, पर्यटन, पेट्रोलियम एवं गैस, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल, बिजली आदि क्षेत्रों में 1.35 लाख करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं। अब मुख्यमंत्री श्री कुमार बताएं कि उन्होंने राजद अध्यक्ष श्री यादव के साथ मिलकर कुर्सी बचाने के अलावा क्या-क्या काम किए हैं।
श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने बिहार को तीन साल के भीतर वामपंथी उग्रवाद को मुक्त कराया। चक्रबंधा और भीमबंधा से नक्सलवाद खत्म हो गया। कभी वामपंथी उग्रवाद के प्रभाव में रहने वाला बिहार अब इससे मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों की सरकार है। हर घर में शौचालय का निर्माण और कोरोना का टीका लगाने के बाद दो साल तक प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम राशन मुफ्त दिया गया है। सरकारी योजना का पैसा अब डायरेक्ट लोगों के खाते में आता है। लालू के बिचौलियों को खाने के लिए नहीं मिलता। बिहार के सभी शहरों में मोदी सरकार ने बिजली पहुंचाई।
गृहमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त किये जाने के फैसले को सही बताया और श्री यादव एवं श्री कुमार को चुनौती देते हुए कहा, “क्या लालू यादव और नीतीश कुमार इसका समर्थन करेंगे। इनमें हिम्मत नहीं है। देश की सुरक्षा को लेकर मोदी सरकार ने जो कदम उठाए, लालू उसे मानते नहीं। लालू राज में फिरौती मांगी जाती थी, हत्याएं होती थीं। गांधी मैदान में लालू-नीतीश दोनों लट्ठ रैली निकालेंगे और लालू नीतीश के कंधे पर रहेंगे। एक बार भाजपा को पूर्ण बहुमत दे दीजिए। हम बिहार को देश का सबसे विकसित राज्य बना देंगे।”
श्री शाह रैली को संबोधित करने के बाद किशनगंज के लिए रवाना हो गए। वह किशनगंज में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में सीमांचल के नेता भी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव एवं मंगल पांडेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और रामकृपाल यादव समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
2024 में लालू-नीतीश का होगा सूपड़ा साफ : शाह