गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का दिल्ली में दो दिवसीय अधिवेशन शनिवार से

नयी दिल्ली : आम चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरुद्ध विपक्ष को एक जुट करने के प्रयासों के बीच मुख्य रूप से महाराष्ट्र में केंद्रित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति के विस्तार के लिए अपना राष्ट्रीय अधिवेशन राजधानी में शनिवार से आयोजित कर रही है।
तालकटोरा स्टेडियम में 10-11 सितंबर तक चलने वाले राकांपा के आठवें राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी के संस्थापक एवं अध्यक्ष शरद पवार, राकांपा की महाराष्ट्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल, महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले पार्टी के नेता छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल, नवाब मलिक, एनसीपी छात्र की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया दूहन और संगठन के अन्य वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।
पार्टी के लोगों ने बताया कि इस अधिवेशन में ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात आदि 22 राज्यों से नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होगा। राकांपा का इतने बड़े पैमाने पर दिल्ली में यह पहला आयोजन है जो इस ओर इशारा करता है कि अब पार्टी अपने नेतृत्व, कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में है।
पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं छात्र शाखा की प्रमुख सोनिया दूहन ने कहा, ‘‘हमारा यह अधिवेशन उन लोगों के लिए है, जो विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होना चाहते हैं ।’’
गौरतलब है कि 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले विपक्ष में एकजुटता विकसित करने के लिए बिहार में गठबंधन बदलने वाले मुख्यमंत्री नितीश कुमार और तेलंगान के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव जैसे नेता दिल्ली और राज्यों की राजधानियों के राजनीतिक दौरे कर रहे हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन तथा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अपने तरीके से इस तरह के प्रयास में लगी हैं।

Leave a Reply