अहमदाबाद : भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को यहां साइंस सिटी का दौरा कर समीक्षा बैठक की। पटेल ने साइंस सिटी की निरंतर बढ़ती लोकप्रियता के संदर्भ में आगामी समय में नये इनोवेटिव आकर्षण जोड़ने के आयोजन को लेकर आज अहमदाबाद स्थित साइंस सिटी में एक समीक्षा बैठक की। इस साइंस सिटी ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति विशेषकर बाल विद्यार्थियों में एक अनोखा आकर्षण एवं जिज्ञासा पैदा की है।
मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी में मौजूदा गैलरियों और विभिन्न परियोजनाओं की विशेषताओं तथा उसे और अधिक सुविधा संपन्न बनाने के संबंध में भी समीक्षा की। उन्होंने 2021 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा साइंस सिटी में दूसरे चरण का उद्घाटन करने के बाद अब आगामी समय में स्थापित किये जाने वाले अन्य नये आकर्षणों की योजना की भी विस्तार से जानकारी हासिल की।
साइंस सिटी में मौजूदा म्यूजिकल फाउंटेन के अपग्रेडेशन और उसे ज्यादा आकर्षक बनाने के साथ-साथ एस्ट्रोनॉमी और स्पेस साइंस गैलरी का निर्माण कार्य प्रारंभिक चरण में है। 750 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ह्यूमन एंड बायोलॉजिकल साइंस गैलरी तथा एविएशन एंड डिफेंस गैलरी का निर्माण करने का प्राथमिक आयोजन किया गया है। इसके अलावा, साइंस टावर और बायोडायवर्सिटी पार्क भी बनाया जायेगा।
समीक्षा बैठक में प्रेजेंटेशन के दौरान बताया गया कि साइंस सिटी को देखने आने वाले लोगों की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। 2012 से 2023 के दशक में लगभग 77 लाख लोगों, जबकि अकेले 2022 में 12.39 लाख लोगों ने साइंस सिटी देखी है। लगभग चार लाख विद्यार्थी भी साइंस सिटी को देखने आ चुके हैं। पटेल ने सुझाव दिया कि साइंस सिटी देखने आने वाले आगंतुक, विद्यार्थी और विज्ञान प्रेमी युवा अपने अनुभव तथा साइंस सिटी की व्यवस्था के संबंध में फीडबैक दे सकें, इसके लिए आधुनिक कियोस्क, टच स्क्रीन टेक्नोलॉजी आदि कार्यरत किए जाएं। उन्होंने स्वच्छता-सफाई का लगातार ध्यान रखने का भी निर्देश दिया।
साइंस सिटी में आने वाले लोग विभिन्न गैलरियों और अन्य आकर्षणों को देखने के बाद उसके अनुरूप अपने प्रयोगात्मक विचारों एवं कार्यों को अभिव्यक्त कर सकें, इसके लिए ओपन-एयर साइंस एंड टेक्नोलॉजी एक्सप्लोरेटोरियम भी बनाने की योजना है। पटेल ने इन सभी विषयों के संबंध में सर्वग्राही समीक्षा कर समयबद्ध आयोजन के साथ नई गैलरियों और पार्कों के निर्माण के लिए मार्गदर्शन दिया। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव पंकज जोशी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव धनंजय द्विवेदी और साइंस सिटी के महाप्रबंधक जितेन्द्र वदर आदि उपस्थित रहे।
साइंस सिटी में विभिन्न गैलरी और पार्कों का निर्माण कर टेक्नोलॉजी युक्त नजरिये के साथ लोगों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और खेल-खेल में ज्ञान वर्धन करने का दृष्टिकोण अपनाया गया है। साइंस सिटी में हर साल एक नयी गैलरी का निर्माण किया जाता है।
वर्तमान में साइंस सिटी में म्यूजिकल फाउंटेन, रोबोटिक्स गैलरी, एक्वाटिक गैलरी, प्लेनेट अर्थ और लाइफ साइंस पार्क जैसे आकर्षण आगंतुकों को रोमांचकारी अनुभव प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से विज्ञान के साथ जनसमूह को जोड़ने तथा बच्चों एवं युवाओं सहित हर किसी को मनोरंजन के साथ ज्ञान एवं नए वैज्ञानिक अनुसंधान की जानकारी एक ही स्थल पर उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2001 में 107 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस विश्व स्तरीय साइंस सिटी का निर्माण कराया गया था।