गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उल्टी दस्त से पीड़ित लोग अस्पताल पहुंचे

दो की मौत, 11 प्रभावित

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा पहुंचे उल्टी दस्त से प्रभावित लोगों में से 13 वर्षीय बालक समेत दो की मृत्यु हो गई। अभी भी पांच बच्चों समेत 11 लोग अस्पताल में भर्ती है। यह लोग सेंधवा क्षेत्र से मजदूरी करने महाराष्ट्र गए थे। सेंधवा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ ओ एस कनेल ने बताया कि महाराष्ट्र के जलगांव जिले से सेंधवा के सिविल अस्पताल लाये गए दो लोगों की रास्ते मे मृत्यु हो गई, जबकि यहां पांच अन्य का उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के चोपड़ा में छह अन्य लोगों का उपचार जारी है।
उन्होंने बताया कि बड़वानी जिले के सेंधवा सब डिवीजन के धनोरा ग्राम के एक ही परिवार के 13 लोग मिर्च के खेत में काम करने गए थे। उन्होंने प्रभावितों के हवाले से बताया कि कल महाराष्ट्र के जलगांव जिले के पीपलकोट ग्राम स्थित खेत में खाना खाया। इसके बाद ड्रिप इरीगेशन से जुड़े एक वाटर टैंक से पानी पी लिया। संभवतः इसमें कीटनाशक था। प्रभावितों ने भी पत्रकारों से चर्चा में इसी तरह की बात बतायी है।
इसके बाद से उन्हें उल्टी दस्त शुरू हो गए। छह लोगों को महाराष्ट्र के चोपड़ा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। शेष लोग बड़वानी जिले के सेंधवा के लिए निकल गए। आज रास्ते में 13 वर्षीय रतीलाल और 38 वर्षीय तीरा रूप सिंह की मृत्यु हो गयी। उन्होंने बताया कि दोनों शवों का आज पोस्टमार्टम कराया गया है जिसमें मृत्यु का कारण प्वाइजनिंग पाया गया है। उन्होंने कहा कि विसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है।

Leave a Reply