झुंझुनूं : राजस्थान में ग्यारह साल के लम्बे अंतराल के बाद हो रहे ग्राम सेवा सहकारी समितियों के चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी हो गया है।
झुंझुनूं जिले की निर्धारित 240 में से 140 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के चुनाव पहले फेज में होंगे। जबकि शेष रही 100 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के चुनाव राज्य सरकार के निर्देश के बाद दूसरे फेज में करवाए जाएंगे।
सहकारी समितियां झुंझुनूं के इकाई रिटर्निंग अधिकारी एवं उप रजिस्ट्रार संदीप शर्मा ने बताया कि पहले फेज में शामिल 140 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में चुनाव व्यवस्थित तरीके से हो। इसके लिए इन्हें पांच चारणों में बांटा गया है। प्रत्येक चरण में 28 समितियों के शामिल किया गया है। निर्वाचन का नोटिस एवं वार्ड वार मतदाता सूची का प्रकाशन 26 अगस्त से 30 अगस्त तक किया गया था। इन वार्डों में 31 अगस्त से चार सितंबर को दोपहर एक बजे तक प्रस्तावित मतदाता सूची के लिए दावे आपत्तियां मांगी है। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
श्री शर्मा ने बताया कि 11 साल पहले वर्ष 2011 में जिले की 156 सहकारी समितियों में चुनाव प्रक्रिया का आयोजन किया गया था। जिनका कार्यकाल वर्ष 2016 तक के लिए था। इसके बाद पांच साल तक चुनाव नहीं होने से अध्यक्ष एवं सदस्यों के पद रिक्त चल रहे थे। अब जिले में ग्राम सेवा सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 240 हो गयी हैं। राजस्थान राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण जयपुर ने पिछले दिनों प्रथम फेज के चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिए हैं। जिसके तहत 140 सहकारी समितियों के चुनाव होने हैं। सभी जगह चुनाव प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से हो। इसके लिए 28 ग्राम सेवा सहकारी समिति के आधार पर पांच चरणों में बांटा गया है।
ग्राम सेवा सहकारी समितियों में सदस्यों के चुनाव के बाद 16 सितंबर से 29 सितंबर तक अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 10 बजे से 11 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरे जाएंगे। इसकी जांच के बाद दोपहर 12ः30 बजे वैद्य नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। आवश्यकता होने पर दोपहर तीन बजे से शाम चार बजे तक मतदान व बाद में परिणाम जारी किया जाएगा।
राजस्थान : पांच चरण में होंगे ग्राम सेवा सहकारी समितियों के चुनाव