राजकोट : पश्चिम रेलवे में गुजरात के राजकोट मंडल ने वर्ष 2023-24 के दौरान 2276.44 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व अर्जित किया है। मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने गुरुवार को बताया कि मंडल ने प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी अपने हर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुये 2276.44 करोड़ रु का उल्लेखनीय वार्षिक राजस्व अर्जित किया है, जो वित्तीय वर्ष 2022-23 की वार्षिक आय 2045.60 करोड़ रु से 11.28 प्रतिशत यानि 230.84 करोड़ रु अधिक है। इस 2276.44 करोड़ रु के राजस्व में माल भाड़ा से सर्वाधिक 1871.12 करोड़, यात्री आय से 374.12 करोड़, पार्सल और अन्य श्रोतों की आय से 31.20 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
राजकोट मंडल ने माल ढुलाई से विगत वर्ष के 1690.30 करोड़ रुपये के मुकाबले 2023-24 में 1871.12 करोड़ रु का राजस्व हासिल किया है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 10.70 प्रतिशत यानी 180.82 करोड़ रुपये अधिक है। यात्री आय में विगत वर्ष के 321.99 करोड़ रुपये के मुक़ाबले 2023-24 में 374.12 करोड़ रु का राजस्व हासिल किया है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 16.20 प्रतिशत यानी 52.13 करोड़ रुपये अधिक है।
इस वर्ष राजकोट मंडल से करीब 1.05 करोड़ लोगों ने यात्रा की है। श्री कुमार ने कहा कि राजकोट मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी मेहनत और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए मंडल को प्रत्येक क्षेत्र में नयी बुलंदियों तक पहुंचाया है और उल्लेखनीय राजस्व अर्जित कर भारतीय रेलवे के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मंडल भारतीय रेलवे के लिये कमाई की दृष्टि से लगातार फायदेमंद साबित हो रहा है।