दिल्ली के शाहदरा इलाके में 20 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीडन एवं बदसलूकी के मामले में दिल्ली पुलिस ने 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है जिसमे कुछ महिलाओं समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की तरफ से इस मामले में बचे हुए दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
कल शाहदरा के कस्तूरबा नगर में 20 साल की महिला का यौन-उत्पीडन किया गया, पूरे इलाके में महिला को बाल काट कर, जूते की माला पहना कर घुमाया गया। इस घटना से जुड़ा एक विडियो भी वायरल हुआ था जिसमे कुछ महिलाओं की भीड़ लगातार युवती को मार रही है और महिला के साथ बदसलूकी कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एक्शन में आई और अब इस मामले में पुलिस अपनी कार्यवाही कर रही है। पुलिस ने शुरुआती जानकारी में बताया घटना को अंजाम आपसी दुश्मनी के कारण दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी के साथ पीड़ित महिला के साथ व्यक्तिगत विवाद की बात सामने आ रही है। गिरफ्तार हुई एक आरोपी महिला ने यह आरोप भी लगाया कि इस लड़की की वजह से उसके एक बेटे ने पिछले साल आत्महत्या कर ली थी।
दिल्ली महिला आयोग की तरफ से प्रमुख स्वाती मालीवाल भी इस मामले पर अपनी नजर बनाए हुए थी जिन्होंने पुलिस से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करके गिरफ्तारी की मांग की थी। महिला आयोग प्रमुख स्वाती मालीवाल पीड़ित महिला से मिली जिसके बाद उन्होंने बताया कि पीड़िता के शरीर पर कई चोट के निशान थे और यह भी पता चला है कि इलाके में गैरकानूनी रूप से शराब सप्लाई करने वाले गिरोह के कुछ व्यक्तियों ने 20 वर्षीय पीड़ित महिला के साथ गैंगरेप किया। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है गैंगरेप के दौरान वहाँ कुछ स्थानीय महिला भी मौजूद थी जो इस अपराध के लिए अपराध में शामिल व्यक्तियों को उकसाने का काम कर रही थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने भी इस मामले की निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बाताया है साथ ही दोषियों पर उचित कार्यवाही के लिए दिल्ली के एलजी से अपील की है कि इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए। केजरीवाल ने कहा कि अपराधियों के इस शर्मनाक करतूत की सजा अपराधियों को जरुर दिलवाई जाएगी ऐसे अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा।
शाहदरा: महिला यौन उत्पीड़न मामले में 9 लोग गिरफ्तार
