गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उत्तराखंड सरकार का किसानों की आय दोगुना करने का दावा

नयी दिल्ली : उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ धनसिंह रावत ने कहा है कि राष्ट्रीय सहकारिता विकास निगम-एनसीडीसी के तहत राज्य सरकार को केंद्र से मिली मदद के कारण प्रदेश में किसानों की आय दोगुना हो गई है।
श्री रावत ने गुरुवार को यहां सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में राज्यों के सहकारिता मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की एनसीडीसी परियोजना के तहत राज्य के सहकारिता विभाग को 3400 करोड़ रुपए की सहायता मिली है जिसके कारण राज्य में किसानों की आमदनी दोगुनी हो गई है। परियोजना की मदद से राज्य में बनाया जा रहा बद्री घी अमेजन के माध्यम से 2500 रुपए प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को विभिन्न तरह की मदद दी जा रही है। योजना के तहत राज्य के 15000 बकरी पालकों को 10-10 बकरियां मुफ्त में दी गई है और बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए हिमालयी गोट विलेज बनाए जा रहे हैं।
डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य मे मिनट मिशन योजना को भी सहकारी सोसाटियों के जरिये सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। पहाड़ी अनाज कोदा, झंगोरा, मंडवा, लाल चावल, राजमा को एमपैक्स में लाकर पहाड़ी किसानों को उचित मूल्य देकर खरीदा जा रहा है और देश विदेश में ऑन लाइन माध्यम से बेचा जा रहा है और इन खाद्य सामग्रियो की ऑनलाइन बहुत मांग हो रही है।
उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगा जल देश विदेश में श्रद्धालुओं के लिए उत्तराखंड सहकारिता विभाग से भेजा जा रहा है। राज्य में मशरूम की खेती जो रही है और सेब के नए बागान लगाए जा रहे हैं। इसी तरह दून सिल्क को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में कोपरेटिव ने सिल्क का नया बाजार दिया है और यही वजह है कि उत्तराखंड सहकारिता सिल्क फेडरेशन एक करोड़ रुपये के लाभ में चल रहा है।

Leave a Reply