पहले इलाके के विधायक और उसके बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का ऐलान किया
नई दिल्ली : पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के नानकहेड़ी गांव स्थित राजकीय सह शिक्षा उच्च स्कूल को होमलैस चिल्ड्रन के लिए बॉडिंग स्कूल में तब्दील करने के विरोध में आज इलाके के 31 गांवों के ग्रामीणों ने महापंचायत की। महापंचायत में पूर्व विधायक राजेश गहलोत, पूर्व पार्षद राजपाल नंबरदार छावला, राव सतवीर सिंह, देवेंद्र कुमार, प्रो. आरबी सोलंकी, दयानंद वत्स, सूबेदार जय भगवान, रामवीर, कैप्टन बलवीर सिंह, कृष्ण पहलवान, हरीओम, जगदीश, राजकरण कादियान, सुरजभान, दिल्ली ग्राम पंचायत संघ के प्रमुख थान सिंह यादव, 360 गांव की शौकीन खाप के प्रमुख सुरेश शौकीन आदि ने दिल्ली सरकार के इस निर्णय की कड़ी निंदा की।
इस मौके पर राजपाल नंबरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक ओर पूरे देश में दिल्ली के शिक्षा मॉडल की चर्चा करके अपनी पीठ ठोंक रहे है और सभी राज्यों में स्कूल खोलने की बात कर रहे है, वहीं दिल्ली के नानकहेड़ी गांव में स्कूल को बंद करके इलाके के बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का कार्य कर रहे है। उन्होंने महापंचायत में आए ग्रामीणों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री के निवास का घेराव करने के लिए कमर कस ले और मुख्यमंत्री व उनके मंत्रियों और विधायकों का बहिष्कार करने के साथ-साथ उन्हें अपने इलाके में कार्यक्रम नहीं करने दे। ऐसा किए बिना उनकी सुनवाई होना असंभव है।
दूसरी ओर थानसिंह यादव व सुरेश शौकीन ने कहा कि सरकारें करीब 50 साल से गांवों व ग्रामीणों को बर्बाद करने वाली योजनाएं लेकर आ रही है। इस कारण दिल्ली के आधे से अधिक गांव स्लम में तब्दील हो चुके है। अब भी ग्राामीण सचेत नहीं हुए तो नानकहेड़ी जैसे स्लम में तब्दील होने से बचे गांवों भी बर्बाद हो जाएगे। महापंचायत में ग्रामीणों से सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि नानकहेड़ी गांव में होमलैस चिल्ड्रन के लिए बॉडिंग स्कूल बनाने की योजना रद्द करने के लिए सबसे पहले इलाके के विधायक गुलाब सिंह को आगे करके लड़ाई लड़ी जाए। उनके साथ नहीं देने पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। इसके बाद भी यह योजना रद्द नहीं होने की स्थिति में मुख्यमंत्री, मंत्रियों व विधायकों का बहिष्कार किया जाएगा।