गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

योगी ने नैमिषारण्य की महिमा का किया बखान

सीतापुर : योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां नैमिषारण्य स्थित श्री स्कन्दाश्रम में आयोजित श्री श्री श्री जगदम्बा राज राजेश्वरी स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं नूतन देवालय के चित् शक्ति द्वार (प्रमुख द्वार) के उद्घाटन महोत्सव में प्रतिभाग किया और मंदिर में पूजन अर्चन किया।
योगी ने उन सभी संतों के चरणों को प्रमाण करते हुये कहा कि जिन लोगों ने अत्यधिक पवित्र भावना के साथ इतने दूर स्थल पर भी संसाधनों के अभाव में भी प्राचीन अरण्य संस्कृति को पुनर्स्थापित करते हुये इस राज राजेश्वरी आश्रम और देवी के भव्य विग्रह को स्थापित करने में अपना योगदान दिया है, वह निश्चय ही प्रशंसनीय है। उन्होंने नैमिषारण्य की पावन धरा पर श्री श्री राज राजेश्वरी मंदिर के इस भव्य धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने का अवसर प्राप्त होने पर सभी पूज्य संतों का हृदय से आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नैमिषारण्य की महिमा अपरम्पार है। सभी धार्मिक ग्रंथो ने बड़े श्रद्धाभाव के साथ इस पावन तीर्थ की महिमा का गान किया है। संत तुलसीदास के ग्रन्थ श्री रामचरितमानस की एक चौपाई तीरथ वर नैमिष विख्याता, अति पुनीत साधक सिद्धि दाता के माध्यम से भी नैमिषारण्य की महिमा का गान किया है। सूत जी ने इसी स्थल पर हजारों वर्ष पहले 18 पुराणों को सुनक आदि ऋषियों को सुनाया था। भगवान वेद व्यास जी के नेतृत्व एवं सानिध्य में हजारों ऋषियों ने यहा साधना की थी। यहां की व्यासपीठ इसके लिये विख्यात है। 88000 ऋषियों ने इसी स्थल पर इसी क्षेत्र में साधना करके भारत की ज्ञान विज्ञान की पूरी धरोहर को वैदिक ज्ञान के रूप में लिपिबद्ध करके हम सबको उपलब्ध करवाया था एवं एक विरासत के रूप में हम सबको दिया था। देवासुर संग्राम में महर्षि दधीचि ने अपनी अस्थिदान इसी स्थल पर किया था। मॉ ललिता देवी मंदिर शक्तिपीठ एवं चक्रतीर्थ के इतिहास के विषय में भी उन्होंने बताया।
उन्होने कहा कि आज इस कड़ी को जोड़ते हुए पूज्य स्वामी षड्मुखानंद पुरी जी महाराज ने यहां पर राज राजेश्वरी मंदिर और आश्रम की स्थापना करके इस कड़ी को एक नई ऊंचाइयां प्रदान करने का कार्य किया है। धर्म केवल उपासना विधि नहीं है, धर्म जो हमको अच्छे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। धर्म वह एक शाश्वत व्यवस्था है जिस शाश्वत व्यवस्था के माध्यम से हम लोग अनुशासन का पाठ पढ़ते हैं, सदाचार का पाठ पढ़ाते हैं, कर्तव्य का पाठ पढ़ाते हैं। इनसे जुड़े जो नैतिक मूल्य है कर्तव्य से, सदाचार से इनका जो समन्वय है वही वास्तव में धर्म है जो हमेशा शाश्वत रहता है। पंथ और संप्रदाय आएंगे जायेंगे, उपासन विधियां आयेंगी जायेंगी, लेकिन धर्म हमेशा शाश्वत रहता है, सनातन रहता है। उन्होने कहा कि सनातन धर्म इस सृष्टि का धर्म है, मानवता का धर्म है। जब तक सनातन धर्म है विश्व मानवता के कल्याण का मार्ग व प्रशस्त करता रहेगा। अगर सनातन धर्म पर खतरा आएगा तो विश्व मानवता पर खतरा आयेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि विश्व मानवता को बचाना है तो सनातन धर्म को बचाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म का मूल यज्ञ है। यह ऋषि मुनियों की साधना है जो साधना कई वर्षों तक पवित्र नर्मदा नदी के तट पर साधनारत रहकर स्वामी श्री षड्मुखानंद पुरी महाराज ने साधना की एवं साधना का प्रसाद सिद्ध के रूप में राज राजेश्वरी आश्रम और मंदिर के रूप में हम सबके सामने यहां पर इस रूप में देखने को मिल रहा है। एक नई कड़ी और एक नई मणी इस नैमिष क्षेत्र के विकास में जुड़ने जा रही है। देश की व्यवस्था को, समाज की व्यवस्था को एवं लोक की व्यवस्था को लोकाचार की ओर ले जाने के लिए, लोक कल्याण के पथ पर उन्मुख करने के लिए जिस देवी का अनुष्ठान करते हैं वह जगत जगदंबा राजराजेश्वरी है। जो सबको नियंत्रित करके सन्मार्ग पर ले चलने की प्रेरणा प्रदान करती है और उनकी स्थापना का कार्य निर्मित क्षेत्र में हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की इस विरासत को एक नया स्वरूप प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो कार्य देश के अंदर प्रारंभ थे, अद्भुत हैं। काशी में काशी विश्वनाथ धाम को जिस रूप में एक भव्य स्वरूप दिया गया है, पहले काशी में संकरी गलियों में जाने के लिए हर कोई मजबूर होता था, आज एक भव्य धाम आपके पास है। उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में तो महाकाल का महालोक देखने को मिलेगा। इसी प्रकार उत्तराखंड में केदारपुरी और बद्रीनाथ धाम में भी पुनरुद्धार का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
कार्यक्रम को श्रीश्रीश्री षण्डमुखानंद पुरी जी महाराज हीरापुर वाले एवं मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर संतगण, संबंधित अधिकारी बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहा।

Leave a Reply