गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में बर्फबारी के बाद बढ़ी मुश्किलें

3 एनएच, 357 सड़कें, 540 बिजली ट्रांसफॉर्मर 2 दिन से बंद; अंधेरे में बीती सैकड़ों परिवारों की रात
शिमला। हिमाचल के ऊंचे क्षेत्रों भारी बर्फबारी ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। प्रदेशभर में 357 सड़कें और 540 बिजली के ट्रांसफॉर्मर 3 दिन से ठप पड़े हैं। सड़कें अवरुद्ध होने से आवाजाही पर असर पड़ा है। डीटीआर बंद होने से सैकड़ों परिवार अंधेरे में हैं। बिजली के बगैर लोगों को कड़ाके की सर्दी में अधिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
ताजा हिमपात के बाद प्रदेश में 3 नेशनल हाइवे समेत 357 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हैं। इससे मंगलवार को भी लाहौल स्पीति, शिमला, किन्नौर और कुल्लू के कई इलाकों में दूध, ब्रेड, दही, मक्खन, सब्जी जैसी दैनिक उपभोग की वस्तुओं की सप्लाई नहीं पहुंच पाई।
शिमला जिले में 86 सड़कें बंद
शिमला जिले में सबसे ज्यादा 86 सड़कें 3 दिन से बंद है। चंबा जिले में 13 सड़कें, कांगड़ा में 2, किन्नौर में 73, कुल्लू में 26, लाहौल स्पीति में 154 और मंडी जिले में 3 सड़कें बर्फबारी के बाद से बंद पड़ी हैं। इस वजह से 3 दिन से 180 से ज्यादा रूटों पर परिवहन सेवाएं बाधित हुई हैं। लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेशभर में 540 ट्रांसफॉर्मर बंद
बर्फबारी के बाद प्रदेश में 540 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। शिमला जिले में सबसे ज्यादा 133 डीटीआर, चंबा में 68, किन्नौर में 196, कुल्लू में 11, लाहौल स्पीति में 122 डीटीआर से बिजली की सप्लाई बाधित है।
अगले 4-5 दिन साफ रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि आज से अगले 4-5 दिन मौसम साफ बना रहेगा। इससे प्रदेशवाशियों को कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिलेगी।
जोखिमभरा हुआ सफर
ताजा हिमपात के बाद बर्फ बहुल क्षेत्रों की सड़कें खतरनाक हो गई हैं। फिसलन के कारण इन पर सफर करना जोखिमभरा हो गया है। इसे देखते हुए सरकार ने गाड़ी चलाते वक्त एहतियात बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *