गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शादीशुदा प्रेमिका और प्रेमी ने जान दी

परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया; गांव वालों ने बुलाई पुलिस
वाराणसी। वाराणसी के अर्जुनपुर गांव में शादीशुदा प्रेमिका और उसके प्रेमी ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों पड़ोसी थे और प्यार में कामयाबी न मिलने पर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है। दोनों के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों से घटना की सूचना पाकर कपसेठी थाने की पुलिस रविवार की सुबह अर्जुनपुर गांव पहुंची है।
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। युवक और युवती के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देने के साथ ही किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है।
12 दिन पहले लड़की की शादी हुई थी
कपसेठी थाना के अर्जुनपुर गांव निवासी पारस पटेल और सुरेश पटेल पड़ोसी हैं। पारस की बेटी राधिका देवी (20) अपने पड़ोसी सुरेश पटेल के बेटे आकाश पटेल (22) से प्रेम करती थी। इसी बीच बीती 13 दिसंबर को राधिका देवी की शादी मिर्जामुराद थाना के अदमा गांव निवासी युवक के साथ हो गई।
ग्रामीणों से सूचना पाकर पुलिस पहुंची
प्रेमी-प्रेमिका के जहर खाकर जान देने की सूचना ग्रामीणों के माध्यम से कपसेठी थाने की पुलिस को मिली। कपसेठी थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष अरविंद यादव के साथ फोर्स लेकर एसीपी राजातालाब अंजनी कुमार राय घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस युवक और युवती के परिजनों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई के संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *