गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वर्ष 2022 की पहली छमाही में मकानों की रिकॉर्ड बिक्री

मुंबई: अचल संपत्ति बाजार पर परामर्श देने वाली कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया ने बताया कि वर्ष 2022 की पहली छमाही में देश के प्रमुख बाजारों में आवासीय इकाइयों की बिक्री नौ वर्ष के उच्चतम स्तर पर रही और पिछले इसी वर्ष की अवधि की तुलना में इसमें 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्जी की गयी। नाइट फ्रैंक इंडिया ने अचल संपत्ति बाजार पर आज अपनी अर्द्धवार्षिक रिपोर्ट-इंडिया रियल एस्टेट रजिडेंशियल एंड ऑफिस मार्केट का 17वां संस्करण पेश किया। इस रिपोर्ट में जनवरी से जून 2022 की अवधि में आवासीय इकाइयों तथा ऑफिस की जगह की बिक्री का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2022 की पहली छमाही में देश के शीर्ष आठ शहरों में घरों की बिक्री 1,58,705 तक पहुंच गई जो वर्ष 2021 की समान अवधि में बिक्री 99,416 मकानों की थी। इससे पहले वर्ष 2013 की पहली छमाही में 185,577 घरों की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की गई थी। आठ वर्ष की किसी भी छमाही अवधि में सबसे ज्यादा नये घरों की पेशकश वर्ष 2022 की पहली छमाही में हुयी। इस अवधि में 56 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,60,806 आवासीय इकाइयां सालाना आधार पर बिक्री के लिए पेश की गयी। वर्ष 2021 की इसी अवधि में 1,03,238 घर पेश किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार घरो की बिक्री में आए उछाल से बिना बिके घरों के स्तर में 7.8 फीसदी की गिरावट आई, जो पिछले साल 10.9 फीसदी थी।
घरों की बिक्री के मामले में मुंबई (44,200), राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) (29,101) और बेंगलुरु (26,777) सबसे आगे रहे। एनसीआर और अहमदाबाद में प्रतिशत के आधार पर बढ़ोतरी के संदर्भ में सबसे ज्यादा घरों की बिक्री हुई। एनसीआर में घरों की बिक्री में क्रमश: सालाना 154 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई, वहीं अहमदाबाद में यह बढ़ोतरी 95 प्रतिशत रही। आलोच्य छमाही में सभी शहरों में घरों के दाम में मजबूत बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2021 की पहली छमाही में एक करोड़ या इससे ज्यादा कीमत के घरों की बिक्री 20 प्रतिशत हुई थी जो वर्ष 2022 की समना अवधि में बढ़कर 25 फीसदी तक पहुंच गई।
देश के व्यवसायिक ऑफिस की श्रेणी में इस क्षेत्र वर्ष 2022 की पहली छमाही में ऑफिस के लिए 2.53 करोड़ वर्ग फुट की जगह का लेन-देन हुआ जो सलाना आधार पर 107 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में बेंगलुरु में 77 लाख वर्ग फुट ऑफिस स्पेस की बिक्री हुई जबकि एनसीआर में 41 लाख वर्ग फुट जगह की बिक्री हुई। इस दौरान 2.41 करोड़ वर्ग फुट जगह में नए ऑफिस का निर्माण पूरा किया गया जो वर्ष 2021 की पहली छमाही से 61 फीसदी ज्यादा है।
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, “ हम देख रहे हैं कि घरों की खरीदारी के प्रति लोग फिर से आकर्षित हुए हैं। यह रुझान देश की अर्थव्यवस्था में आई गिरावट और महंगाई के बावजूद लगातार बरकरार है। इस अवधि में ब्याज की दरें बढ़ी हैं जिससे घरों की कीमतें बढ़ गई है। लेकिन विस्तृत अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन और खरीदार की बदलती धारणाएं इस साल की बाकी अवधि के लिए मार्केट की रफ्तार को एक गति प्रदान करने में बड़ी भूमिका निभाएगी। यह घरों के खरीदारों की आय के स्तर को तय करता है और घरों की मांग से उसका सीधा संबंध जोड़ता है। ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *