अजमेर : राजस्थान में अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में आज एक जर्जर दीवार के गिर जाने से एक श्रमिक की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार श्रीनगर रोड किसान बेकरी के पीछे की ओर एक जर्जर मकान की दीवार गिर गई जिसमें दबने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई एवं पांच अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना पर अलवर गेट थाना प्रभारी श्याम सिंह मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे श्रमिकों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय भिजवाया गया।
क्षेत्रीय पार्षद मनीष सेठी ने बताया कि क्षेत्र में हुकुम जैन नामक व्यक्ति के जर्जर मकान की दीवार का कार्य आज शुरू किया गया। श्रमिक दिन में बैठकर खाना खा रहे थे तभी अचानक दीवार भड़भड़ाकर गिर पड़ी और श्रमिक हादसे के शिकार हो गए।
क्षेत्रवासियों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से जर्जर मकान की ओर उसने कभी ध्यान नहीं दिया और आज यह हादसा घटित हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जर्जर दीवार गिरने से 1 की मौत, 5 घायल
