श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में शुक्रवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में उत्तर प्रदेश की एक महिला की मौत हो गयी जबकि सात अन्य लोग घायल हो गये। दुर्घटनाग्रस्त वाहन जम्मू से श्रीनगर जा रहा था और श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में जिग पोस्ट पर फिसलन के कारण चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क से फिसल कर एक गहरी खाई में गिर गई।
इस दुर्घटना में लखनऊ निवासी अतीकुल्लाह इराकी की पत्नी शीबा इराकी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से दो लोगों को वीरनाग के सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें अनंतनाग के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) में स्थानांतरित किया गया और अन्य लोगों का इलाज काजीगुंड के आपातकालीन अस्पताल में किया जा रहा है।
सड़क हादसे में 1 की मौत, 7 घायल
