रतलाम : मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र के ग्राम दिवेल में स्थित एक धार्मिक स्थल में घुसकर मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धामनोद के समीप स्थित ग्राम दिवेल में कल रात्रि बसंत पंचमी का पर्व होने से गांव के श्रीराम मन्दिर में धार्मिक आयोजन किए जा रहे थे। शाम को मन्दिर परिसर के पास कुछ युवक अश्लील गाली गलौज कर रहे थे। गांव के ही एक नाबालिग युवक अनिल ने इन युवकों को मन्दिर के पास गाली गलौज करने को मना किया, तो इन लोगों ने बालक के साथ मारपीट प्रारंभ कर दी।
अनिल बचने के लिए मंदिर में घुसा तो आरोपी अनिल के पीछे मंदिर में घुस गए और उन्होंने अनिल और उसके साथियों के साथ मारपीट शुरु कर दी। मन्दिर के भीतर पुजारी कैलाश शर्मा की पत्नी चंदाबाई भगवान की पूजा करके मूर्ति के सामने बैठी थी। जब चन्दाबाई ने इन्हें रोकने की कोशिश की तो इन्होंने उससे भी मारपीट की। घटना की खबर लगते ही कई गांवों के लोग दिवेल पहुंचे और मंदिर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंच गए। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आधी रात तक हंगामा चलता रहा। कलेक्टर सूर्यवंशी द्वारा आरोपियों के विरुद्ध कडी कार्रवाई के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोग शान्त हो गए।
सैलाना पुलिस ने इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की है। एक रिपोर्ट अनिल की शिकायत पर तथा दूसरी एफआईआर चंदाबाई की ओर से दर्ज की गई है। घटना में शामिल दस आरोपी आज शाम तक गिरफ्तार किये जा चुके है।
