अमृतसर : पंजाब पुलिस ने ड्रोन के साथ 10 किलोग्राम जब्त करने और सीमा पार नशा तस्करी रैकेट में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा आज किया। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की शिनाख्त दलबीर और जगदीश के रूप में की गई है जो अमृतसर में घरिंदा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार यह तीन साल से नशा तस्करी में संलिप्त थे लेकिन इनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। श्री यादव ने बताया कि यह गिरोह सीमा पार से हेरोइन मंगाकर हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश में आपूर्ति करता था। उन्होंने बताया कि जब्त ड्रोन अमरीका में बना डीजेआई सीरिज़ का अत्याधुनिक एवं उच्च तकनीक वाला ड्रोन है जिसकी कीमत 20 लाख है। इसमें लंबेे समय तक चलने वाला बैटरी बैकअप है और इंफ्रारेड आधारित नाईट विजन कैमरा है। पिछले एक महीने में जब्त किया गया यह पांचवां ड्रोन है। अमृतसर (ग्रामीण) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्न शर्मा ने बताया कि ऑपरेेशन खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया और दोनों आरोपी तस्करी के लिए अलग-अलग तरीके अपनाकर गिरफ्तारी से बच रहे थे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियों के बाद इनके नशा वितरण नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी है व हरियाणा व दिल्ली के 12 स्थलों पर छापेमारी चल रही है। पिछलेे पांच महीनों में अमृतसर ग्रामीण पुलिस सीमा सुरक्षा बल के साथ मिलकर 39 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर चुकी है।
