प्रयागराज में भाई-बहन और मां को डंपर ने कुचला, आगरा में 4 बारातियों की मौत; उन्नाव में 3 जिंदा जले
आगरा/प्रयागराज/उन्नाव : यूपी में शुक्रवार रात से शनिवार की सुबह के बीच 10 घंटे में 3 बड़े सड़क हादसे हुए। इन हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। 11 लोग घायल हुए हैं। आगरा में जयपुर हाईवे पर बारातियों से भरी ट्रैवलर वैन में ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। दूल्हा सहित 9 लोग घायल हुए हैं। प्रयागराज में हादसे में भाई-बहन और मां की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक से कौशांबी में शादी समारोह में जा रहे थे। वहीं, उन्नाव में ट्रक और डंपर में टक्कर के बाद आग लग गई। आग में 3 लोग जिंदा जल गए। लखनऊ कानपुर हाईवे पर अजगैन के पास हादसा हुआ।
आगरा में जयपुर हाईवे पर बारातियों से भरी ट्रैवलर गाड़ी में ट्रक ने मारी टक्कर, चार मौत
आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी के कौरई टोल प्लाजा के पास जयपुर हाईवे पर शनिवार सुबह भीषण हादसा हुआ। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूल्हा सहित 9 लोग घायल हुए हैं। ट्रैवलर गाड़ी में राजस्थान के राजसमंद से लोग पटना में शादी समारोह में जा रहे थे।
राजस्थान निवासी नैनाराम की शादी बिहार के पटना में थी। शादी में शामिल होने के लिए नैनाराम के घरवाले बिहार जा रहे थे। बताया गया है कि गाड़ी में परिवार के 11 लोग और दो ड्राइवर बैठे थे। सुबह करीब 6 बजे गाड़ी आगरा के कौरई टोल प्लाजा के पास पहुंची। हाईवे पर अचानक से ट्रक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। ट्रैवलर गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई।
हादसा इतना भीषण था कि दूल्हे के परिजन पैमाराम, हेमराम, तारा देवी और चालक प्रवीण ने मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं दूल्हा नैनाराम की हालत गंभीर है। इसके साथ कमलेश, लोकेश, जगदीश, नरेंद्र लक्ष्मण और प्रकाश का इलाज चल रहा है। दूल्हे के जीजा चंद्र प्रकाश ने बताया कि वो लोग शुक्रवार की रात को निकले थे। शनिवार को उन्हें पटना पहुंचना था।
प्रयागराज में भाई-बहन और मां की मौत, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को मारी टक्कर
प्रयागराज में शुक्रवार रात 9 बजे सड़क हादसे में भाई-बहन और मां की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक से सवार होकर प्रयागराज से कौशांबी अपने रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में डंपर की चपेट में आ गए।
झलवा की रहने वाली साधना देवी अपने बेटे दिव्यम और बेटी ज्योति के साथ ट्रिपल ढ्ढञ्ज के पास वसुधा विहार कॉलोनी में रहती थीं। इनके पति दिल्ली के प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार की रात यह तीनों अपनी बाइक से कौशांबी के मकनपुर में आयोजित शादी में जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, बाइक बेटा दिव्यम ही चला रहा था। धूमनगंज के पीपल गांव के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही डंपर ने टक्कर मार दी।
उन्नाव में ट्रक से टकराया डंपर, आग लगने से 3 जिंदा जले
उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शनिवार सुबह 6: 30 बजे ट्रक और डंपर आपस में भिड़ गए। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। आग लगने से ट्रक में सवार एक युवक और डंपर के अंदर फंसे दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हादसा अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दी, जिससे पीछे चल रहा मौरंग लदा डंपर भी उसमें जा टकराया। टक्कर लगते ही पहले डंपर में आग लग गई और उसमें सवार चालक और परिचालक जिंदा जल गए। डंपर की आग से ट्रक में लदी लकड़ियां जलने लगीं। इससे ट्रक में भी आग पकड़ लिया। जब तक ट्रक चालक संभल पाता, आग ट्रक के केबिन तक पहुंच गई और ट्रक में सवार एक युवक जिंदा जल गया। मृतकों की शिनाख्त हो गई है। डंपर में जिंदा जलने वाले मृतक बलवीर कुशवाहा, सतीश कुशवाहा सगे भाई थे, जो बरोदा कला जनपद जालौन के रहने वाले थे। वहीं ट्रक चालक की पहचान पप्पू सिंह निवासी फजल गंज कानपुर नगर के रूप में हुई है।
यूपी में तीन बड़े हादसों में 10 की मौत
