चेन्नई : तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को होने वाले एकल चरण के मतदान के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि शनिवार शाम समाप्त होने के बाद कुल 1,075 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में 39 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होंगे और इसमें चतुष्कोणीय मुकाबले की स्थिति देखने को मिलेगी। सत्तारूढ़ द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए), विपक्ष के अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाला मोर्चा, भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन और नाम तमिझार काची (एनटीके) के बीच मुकाबला होगा।
सभी प्रमुख उम्मीदवारों सहित कुल 1,092 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे और चुनाव आयोग ने गुरुवार को प्रमुख राजनीतिक दलों के नामांकन को जांच में सही पाया। उनचालीस लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 1,403 उम्मीदवारों से प्राप्त कुल 1,749 नामांकन (कई उम्मीदवारों ने एक से अधिक नामांकन दाखिल किए) में से 1,092 को वैध घोषित किया गया और 651 को जांच के दौरान खारिज हो गये।
तमिलनाडु मुख्य निर्वाचन कार्यालय द्वारा उपलब्ध करायी गयी ताजा जानकारी के अनुसार 23 उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद, 1,075 उम्मीदवार ( 962 पुरुष और 113 महिलाएं) मैदान में हैं और इनके बीच कांटे का मुकाबला होगा।
लोकसभा चुनाव के लिए 1,075 उम्मीदवार मैदान में
