नोएडा : एशियन हैंडबॉल फेडरेशन (एएचएफ) के तत्वावधान में 10वी एशियन महिला यूथ हैंडबॉल चैंपियनशिप का आयोजन अगले साल नोएडा में 23 जुलाई से एक अगस्त के बीच होगा। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि चैंपियनशिप में गत विजेता कोरिया, जापान, चीन, चीनी ताइपे, ईरान, बांग्लादेश, हांगकांग, कजाकिस्तान, उज्जबेकिस्तान व मेज़बान भारत समेत 10 देश खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इस प्रतियोगिता की पहली पांच टीमें अगले साल होने वाली वर्ल्ड यूथ महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई करेंगी।
आज इस चैंपियनशिप के लिए एशियन हैंडबॉल फेडरेशन और हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के बीच करार पर हस्ताक्षर भी किये गए। इस दौरान इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन के उपाध्यक्ष व एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के कोषाध्यक्ष बदर मोहम्मद अल तैयब तथा एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर तालेब. हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय, महासचिव डा. तेजराज सिंह व संयुक्त सचिव स्वाति शुक्ला उपस्थित थे।
उधर, एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने नोएडा का दौरा कर सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने इंडोर स्टेडियम के साथ-साथ पाँच सितारा होटल्स को भी देखा। इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन के उपाध्यक्ष व एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के कोषाध्यक्ष बदर मोहम्मद अल तैयब ने नोएडा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत में केवल एक संघ इंटरनेशनल हैंडबॉल फेडरेशन और एशियन हैंडबॉल महासंघ से मान्यता प्राप्त है और वह संघ है हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया जिसके अध्यक्ष ए. जगन मोहन राव और महासचिव डा. तेजराज सिंह है।
दसवीं एशियन महिला यूथ हैंडबॉल चैंपियनशिप अगले साल नोएडा में
