एक मजदूर अभी भी लापता; सोमवार रात ढही थी खदान
हनथियाल। मिजोरम के हनथियाल जिले में सोमवार को एक पत्थर खदान ढह गई। हादसे में 12 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। मंगलवार रात तक बीएसएफ की टीम ने 11 शवों को निकाल लिया है। अभी भी एक मजदूर लापता है। घटना मौदढ़ इलाके में 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे हुई। बचाव टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था।
खदान ढलने के दौरान 13 मजदूर थे
एसपी विनीत कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त 13 मजदूर खदान में काम कर रहे थे। एक मजदूर वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन 12 मजदूर नहीं निकल सके। वे मलबे में फंस गए।
मशीनें भी मलबे में दबीं
यह खदान पिछले ढाई साल से ऑपरेशनल है। सूत्रों के मुताबिक मजदूर दोपहर का खाना खाकर लौटे ही थे कि खदान ढह गई और वे उसके नीचे फंस गए। मजदूरों के साथ 5 खुदाई मशीनें और कई ड्रिलिंग मशीनें भी खदान में दब गई हैं। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स और असम राइफल रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हैं। पास के लेइते गांव और हनथियाल कस्बे के लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं।
