दंतेवाड़ा/बीजापुर : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान नक्सली आंदोलन को गहरा झटका देते हुए चार महिला समेत सात इनामी माओवादियों के साथ कुल 12 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
दंतेवाड़ा से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को तीन महिला नक्सलियों और एक पुरुष नक्सली ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन नक्सलियों पर कुल 20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने यह जानकारी दी।पड़ोसी सुकमा जिले के रहने वाले इन चारों लोगों को 25-25 हजार रुपये की सहायता दी गई है और सरकार की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास ‘लोन वर्राटू’ (स्थानीय गोंडी बोली में बोले जाने वाला शब्द जिसका अर्थ है अपने घर/गांव वापस लौटो) अभियान के तहत किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि एक दंपति समेत चार नक्सलियों ने दंतेवाड़ा में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने बताया कि इनमें से हुंगा तामो उर्फ तामो सूर्या (37) और उसकी पत्नी आयती ताती (35) माओवादियों की क्षेत्रीय कंपनी नंबर-2 में सक्रिय थे और दोनों पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इसके अलावा दो महिला नक्सलियों देवे उर्फ विज्जे (25) और माडवी पर क्रमश: तीन लाख रुपये और एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वहीं बीजापुर से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिले में माओवादियों के पार्टी विलय दिवस के पहले दिन शनिवार को हिंसा छोड़कर आठ सक्रिय माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
इनमें आठ लाख रुपये के इनामी प्लाटून नम्बर 12 का कमाण्डर, दो लाख की इनामी प्लाटून नम्बर 02 की पार्टी सदस्या, एक लाख के इनामी जनताना सरकार अध्यक्ष कुल 11.00 लाख के तीन ईनामी माओवादी सहित कुल आठ माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
आत्मसमर्पित नक्सली वर्ष 1994 से कई बड़ी घटनाओं आगजनी, मुठभेड़, हत्या, लूटपाट, आईडी ब्लास्ट, अपहरण और हत्या जैसे बड़ी घटनाओं में शामिल थे। कुछ नक्सलियों पर वारंट भी लंबित थे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2024 में अब तक 178 माओवादियों ने किया पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण, वहीं विभिन्न माओवादी घटनाओं में शामिल 378 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया।
छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाये जा रहे ‘नियद नेल्ला नार’ योजना से प्रभावित होकर गंगालूर एरिया कमेटी, नेशनल पार्क एरिया कमेटी एवं उसूर-पामेड़ एरिया कमेटी के प्लाटून कमांडर(पीपीसीएम), पार्टी सदस्य एवं जनताना सरकार अध्यक्ष सहित आठ माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने पर इन्हें उत्साहवर्धन हेतु शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 25000-25000/- रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गयी।
छत्तीसगढ़ में 12 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण,सात पर 31 लाख का इनाम
