गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

स्वास्थ्य एवं आरोग्य केन्द्रों से 134 करोड़ को मिला लाभ

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि आयुष्मान भारत- स्वास्थ्य एवं आरोग्य केन्द्रों से देशभर में 134 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि देश में डेढ़ लाख स्वास्थ्य एवं आरोग्य केन्द्र शुरू किये चुके हैं। इन केंद्रों से अभी तक 134 करोड़ लोग लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 86.90 करोड़ से अधिक लाभार्थियों की गैर संचारी बीमारी के लिए परीक्षण किया गया है। इनमें से 29.95 करोड़ से अधिक उच्च रक्तचाप, 25.56 करोड़ से अधिक मधुमेह और 17 .44 करोड़ से अधिक मुख कैंसर और 8.27 करोड़ से अधिक स्तन कैंसर तथा 5.66 करोड़ से अधिक सर्वाइकल कैंसर से संबंधित जांच शामिल हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि देश में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और आरोग्य केन्द्रों की संख्या एक लाख 50 हजार के पार हो गई है। उन्होंने कहा कि यह केन्द्र प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध करा रहे हैं। ये सेवाएं सभी को निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है।
मंत्रालय ने कहा है कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य एवं आरोग्य केन्द्रों से आठ करोड़ 50 लाख से अधिक टेली परामर्श किए गए हैं। ई – संजीवनी के माध्यम से प्रतिदिन तकरीबन चार लाख टेली परामर्श किए जा रहे हैं। इन केंद्रों ने 1.60 करोड़ से अधिक सत्र आयोजित किए हैं। स्वास्थ्य एवं आरोग्य केन्द्रों में 127 आवश्यक दवा और‌ 105 रोगों का निदान उपलब्ध है।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्धारित समय सीमा से पहले इस उपलब्धि को पूरा करने के लिए देश के प्रयासों की सराहना की और कहा है कि ये केंद्र पूरे देश में नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसानी से पहुंचने और उनका लाभ उठाने में मदद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *