गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 135 सड़कें बंद, 132 ट्रांसफार्मर खराब होने बिजली आपूर्ति प्रभावित

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम में बढ़ी ठंडक के बीच गुरुवार को रोहतांग में हल्का हिमपात हुआ। जगह-जगह भूस्खलन के कारण आज सुबह 10 बजे तक राज्य में एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 135 सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी है और 132 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित होने से कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई भागों में बारिश का कहर लगातार जारी है। राजधानी शिमला में सुबह से रुक-रुककर बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। भूस्खलन के कारण 54 जलापूर्ति स्कीमें भी ठप पड़ी हैं। सबसे ज्यादा सेवाएं, शिमला, मंडी, कुल्लू व सिरमौर जिले में प्रभावित हैं। बारिश के चलते भूस्खलन से निगुलसरी में रामपुर-किन्नौर एनएच-पांच ठप है। राजधानी शिमला में भारी बारिश से कई जगह भूस्खलन हुआ है। कई भवनों को भी नुकसान हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में भी सुबह से रुक-रुककर बारिश जारी है। राज्य के कई हिस्सों में चार सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। दो सितंबर को कुछ स्थानों पर फिर भारी बारिश का येलो अलर्ट है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, शिमला, सिरमौर और सोलन जिले के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और पड़ोस में हल्की से मध्यम बाढ़ का खतरा होने की संभावना है।
लोअर चक्कर में आज राष्ट्रीय राजमार्ग-22 (शिमला-मंडी) पर जगह-जगह पूरा दिन भूस्खलन होता रहा। इस कारण यातायात ठप रहा। हालांकि, शाम को मार्ग छोटे वाहनों की एकतरफा आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया।
वहीं, शिमला के शोघी में हिमुडा कॉलोनी के पास एनएच-पांच का 110 फुट हिस्सा धंस गया है। सड़क पर चार इंच मोटी दरारें पड़ गई हैं। इससे सड़क के कभी भी ढहने का खतरा पैदा हो गया है। सड़क के किनारे पत्थर लगाए गए हैं और एकतरफा आवाजाही हो रही है। सड़क धंसने से पेयजल पाइपलाइन भी टूट गई है। इससे भी सड़क के नीचे पानी रिस रहा है। पेयजल लाइन टूटने ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और सरकारी अस्पताल शोघी समेत 10 घरों को पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। राजधानी में भारी बारिश के कारण बुधवार देर शाम रिच माउंट-नवबहार सड़क मच्छी वाली कोठी के पास धंस गई। वाहनों की आवाजाही ठप है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और नगर निगम मेयर सुरेंद्र चौहान ने आज सुबह मौके पर स्थिति का जायजा लिया। निगुलसरी में एनएच-पांच पर भूस्खलन से जिले के हजारों लोगों को परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। ऊपरी पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन से एनएच को बहाल करना चुनौती बना हुआ है।
बुधवार रात को चौपाल में 40.4, धौलाकुआं 20.5, नाहन 19.4, पांवटा साहिब 15.4, भरवाईं 12.0, सराहन 10.0, धर्मपुर 8.6, सांगला 8.2 व कोटखाई में 7.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.6, सुंदरनगर 22.1, भुंतर 20.1, कल्पा 13.4, धर्मशाला 20.0, ऊना 22.0, नाहन 22.9, केलांग 10.7, पालमपुर 19.0, सोलन 20.0, मनाली 16.2, कांगड़ा 22.2, मंडी 20.6, बिलासपुर 24.4, चंबा 21.9, डलहौजी 13.0, धौलाकुआं 24.1, समधो 15.8, कसौली 18.1, पांवटा साहिब 24.0, देहरा गोपीपुर 25.0, नेरी 23.9 व सैंज में 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *