उदयपुर : राजस्थान के उदयपुर में आज पुलिस के 12 थानों की 100 टीमों ने इस कार्रवाई में 139 हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर बदमाशों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर बदमाशों की धरपकड़ के लिए एएसपी चंद्रशील ठाकुर के नेतृत्व में 12 थानों की 100 टीमें बनाई गई थी। पुलिस की इन टीमों द्वारा रविवार अलसुबह जिले भर में बदमाशों के खेमे में दबिश दी गई।
इस कार्रवाई में जिले के समस्त थाना अधिकारी समेत करीब 500 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। गठित टीमों द्वारा 12 थाना क्षेत्रों में हिस्ट्रीशीटर ओर हार्डकोर बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी गई। इस कार्रवाई की दौरान कुल 139 हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई में आर्म्स एक्ट के तहत 10, एनडीपीएस व एक्साइज एक्ट के तहत एक-एक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 7 वारंटी भी पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस समय-समय पर बदमाशों खिलाफ लगातार कार्रवाई करती रहेगी।
139 हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर बदमाश गिरफ्तार
