नई दिल्ली : चालू वित्त वर्ष में 10 अगस्त तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 5.84 लाख करोड़ रुपये रहा जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में संग्रहित कर की तुलना में 17.33प्रतिशत अधिक है। यह राशि चालू वित्त वर्ष में इस मद में संग्रहित बजट कर अनुमान का 32.03 प्रतिशत है। आयकर विभाग ने आज यहां प्रत्यक्ष कर संग्रह के जारी आंकड़ों में कहा कि 10 अगस्त तक सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 6.53 लाख करोड़ रुपये रहा है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में संग्रहित कर की तुलना में 15.73 प्रतिशत अधिक है। विभाग ने कहा कि इस अवधि में 69 हजार करोड़ रुपये का रिफंड किया गया है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में किये गये रिफंड की तुलना में 3.73 प्रतिशत अधिक है।
