अहमदाबाद : अमित शाह ने मंगलवार को यहां कहा कि दुनिया के लगभग 170 देशों ने योगविद्या को अपनाया है। शाह ने अहमदाबाद महानगर पालिका (अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन-एएमसी) के विभिन्न जनोन्मुखी विकास कार्यों के लोकार्पण अवसर पर योग दिवस एवं योगविद्या के वैश्विक महत्व के संबंध में कहा कि बुधवार 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस मनाने वाले दुनिया के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे।
श्री मोदी ने भारत की संस्कृति, परंपरा और विरासत को दुनिया तक पहुंचाने का काम किया है। योग दिवस इन्हीं में से एक कार्य है। हमारे ऋषि मुनियों द्वारा दी गई इस उत्कृष्ट विद्या को जनसाधारण तक पहुंचाने के लिए तथा योग को जनांदोलन एवं जनअभियान बने के लिए प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रयास किए गए जिसके कारण 2014 से लेकर आज तक अनेक लोग योग के साथ जुड़े और दवा मुक्त निरोगी जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के लगभग 170 देशों ने योगविद्या को अपनाया है। केंद्र सरकार के सुशासन के नौ वर्षों के बारे में उन्होंने कहा कि 2014 में जब देश की जनता ने पूर्ण बहुमत के साथ मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया, तब देश में अनेक क्षेत्रों में परिवर्तन की आवश्यकता थी। प्रधानमंत्री ने पिछले नौ वर्षों में देश में सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, मैन्यूफैक्चरिंग, गरीब कल्याण, विदेशी संबंध, शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी), कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर सहित प्रत्येक क्षेत्र में पथप्रदर्शक निर्णय और जनाभिमुख कार्यों से सभी लोगों को साथ लेकर समावेशी विकास के माध्यम से आमूलचूल परिवर्तन किए हैं।
शाह ने कहा कि आज देश के सीमावर्ती गांवों सहित अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा है। अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के सुचारु कार्यान्वयन के जरिए आज जनसाधारण को दैनिक जीवन निर्वाह के लिए बुनियादी जरूरतें काफी आसनी से उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि “आज मेरे लोकसभा क्षेत्र के चांदलोडिया वार्ड में 66.72 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित रेलवे ओवरब्रिज तथा थलतेज और राणीप वार्ड में सुंदर गार्डन के कार्य जनता को समर्पित किए गए हैं। इसके अलावा कुल 5,42,000 पौधे लगाकर और उनका जतन कर गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र को हरा-भरा लोकसभा क्षेत्र बनाया गया है। ”
उन्होंने कहा, “ गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में कुल 14,000 करोड़ रुपए के विकास कार्य पूर्ण करने के लिए मैं एएमसी और गुजरात सरकार का भी आभार व्यक्त करता हूं।” केंद्रीय गृह मंत्री ने क्रेडाई गाइहेड की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि क्रेडाई गाइहेड द्वारा 12,000 वर्ग मीटर में 2.5 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया यह गार्डन समाज की सहायता करने की संस्थान की उम्दा भावना की गवाही देता है। इसके अलावा क्रेडाई गाइहेड द्वारा लगभग 75 आंगनवाड़ियों को खेलकूद के साजो-सामान देने का संकल्प किया गया है तथा दिव्यांगजनों को रोजगार प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं जो प्रशंसनीय हैं।
