शिमला : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर भुड्ड बैरियर के समीप मोटरसाइकिल सवार एक पिता-पुत्री की ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पीड़ित पंजेहरा के मियांपुर के रहने वाले थे। पीड़ितों की पहचान नालागढ़ के मियांपुर गांव निवासी श्याम लाल (41) और उनकी 10 वर्षीय पुत्री नंदिनी के रूप में हुई है। दोनों मोटरसाइकिल में सवार होकर नालागढ की ओर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि आज सुबह करीब 8ः15 बजे बद्दी के भुड्ड बैरियर के समीप पीछे से एक ट्रक तेज रफ्तार से आया और मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ गया। जिससे पिता-पुत्री के ऊपर ट्रक का पहिया निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस मौके पर आई और दोनों शवों को सड़क से उठा कर नालागढ़ अस्पताल ले गए जहां पर उनका पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिए। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रियांक गुप्ता ने बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के बाद चालक की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही चालक को हिरासत में ले लिया जाएगा।
