महोबा : उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के कुलपहाड़ क्षेत्र में कड़ाके की ठंड के बीच गुरूवार को दो लोगों की मृत्यु हो गयी। प्रशासन ने दोनो मामलों में मृत्यु का कारण जानने के लिये जांच के आदेश दिए है। उप जिलाधिकारी अरुण दीक्षित ने बताया कि कस्बे के पठवापुरा निवासी चरवाहे भगवानदास कुहवाहा की ठण्ड से मृत्यु की सूचना मिली है। मृतक रोजमर्रा की तरह अपने पशुओं को चराने के लिए गांव के निकट जंगल गया था।
दोपहर बाद घर लौटने पर उसकी एकाएक हालत बिगड़ गई। ठण्ड लगने की शिकायत पर परिजनों ने तत्काल देशी इलाज करके उसे दुरुस्त करने की कोशिश की लेकिन उसकी मृत्यु हो गयी। घटना की सूचना पाकर राजस्व विभाग की टीम को तत्काल मृतक के घर भेजा गया है और प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उधर अजनर क्षेत्र में हुई एक अन्य घटना में रूरी कलां निवासी 52 वर्षीय महीपत पाल की मौत हुई। वह अपने पालतू पशुओं के लिए जंगल मे पेड़ से पत्ती तोड़ते समय ठण्ड लगने से पेड़ से अनियंत्रित हो नीचे गिर गया। उसके पत्थर की चट्टान में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि दोनो घटनाओ में ठण्ड से मौत की बात फिलहाल सही नही है। दोनों मौत के कारणों का सघनता से परीक्षण कराया जा रहा है। तहसील क्षेत्र में ग्राम प्रधान एवं सचिवों को ठंड से बचाव के लिए इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। इसमें तनिक भी लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
