गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मचान गिरने से 2 की मृत्यु, 1 घायल

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बलकवाडा थाना क्षेत्र के भोईन्दा ग्राम में निर्माणाधीन टंकी का मचान गिर जाने के चलते पश्चिम बंगाल निवासी दो मजदूरों की मृत्यु हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया।
मंडलेश्वर के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनोहर गवली ने बताया कि कल देर शाम कसरावद जनपद पंचायत के अंतर्गत भोंइन्दा ग्राम में निर्माणाधीन टंकी का मचान गिर जाने के चलते वहां काम कर रहे 3 मजदूर घायल हो गए। ठेकेदार द्वारा उन्हें धामनोद स्थित एक अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना के बारे में आज जानकारी मिली। घटनास्थल से शेष मजदूर भयवश चले गये थे इसलिए मृतकों की शिनाख्त में भी देरी हुई।
बलकवाड़ा के थाना प्रभारी रामेश्वर ठाकुर ने बताया कि 21 वर्षीय मजदूर मुन्ना नवाज की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी जबकि 23 वर्षीय शैलेंद्र डूदू ने धामनोद से इंदौर रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। एक अन्य मजदूर सुशील उपचार रत है।
उन्होंने बताया कि मजदूर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दलखोला थाना क्षेत्र के निवासी हैं। वे वहां के एक ठेकेदार के माध्यम से क्षेत्र में मजदूरी करने आए थे। उन्होंने बताया कि एक मजदूर के छोटे भाई और दूसरे के चचेरे भाई की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री तथा क्षेत्रीय एसडीएम को घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। उधर भारतीय मजदूर संघ के नरेंद्र पटेल ने उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए दिए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *