गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

निर्माणाधीन भवन का छज्जा गिरने से 2 की मौत, 3 घायल

श्रीगंगानगर : राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में हनुमानगढ़ मार्ग पर रिद्धि सिद्धि कॉलोनी में एक निर्माणाधीन भवन का आज शाम छज्जा ढह जाने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई और तीन गंभीर घायल हो गए। थाना प्रभारी सीआई कुलदीप चारण ने बताया कि शाम लगभग पांच बजे हुए इस हादसे में मारे गए व्यक्तियों में इस भवन के निर्माण का साइट इंचार्ज पवन 42 निवासी चक 7.ई और चिनाई मिस्त्री ओमप्रकाश 50 निवासी लट्ठांवाली शामिल हैं। घायलों में बाबूराम 35 निवासी बालाजी धाम मंदिर के समीप शिवपाल 35 निवासी चक 9.एलएनपी और विक्रम 24 निवासी गांव वाली शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि घायलों में दो चिनाई मिस्त्री हैं जबकि तीसरा घायल मजदूर है। रिद्धि सिद्धि कॉलोनी थर्ड में भूषण बंसल के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। जहां यह हादसा हुआ। थानाधिकारी के अनुसार इस भवन का साइट इंचार्ज, तीन मिस्त्री और एक मजदूर दूसरी मंजिल पर बने छज्जे के ऊपर ही खड़े थे। अचानक से छज्जा ढह गया। लगभग 30 फुट लंबे और 5 फुट चौड़ा भारी.भरकम छज्जे के नीचे गिरने के साथ ही उक्त पांचों लोग भी गिर गए। इनमें चार छज्जे के नीचे दब गए और एक साइड में गिरा उसे तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। इस हादसे के लिए इस भवन निर्माण का ठेका लेने वाले ठेकेदार और सिविल इंजीनियर को लोग दोषी ठहरा रहे हैं। हादसे में मारे गए और घायल हुए लोगों के परिवार जन बदहवास हालत में जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में भी घायलों और मृतकों के परिवारजनों रिश्तेदारों एवं अन्य लोगों की काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को मुर्दा घर में सुरक्षित रखवाया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *