इंदौर : मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के सिमरोल थाना क्षेत्र में आज दोपहर एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो यात्रियों की मौत हो गयी और 39 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार इंदौर से खंडवा की ओर जा रही बस दोपहर सिमरोल थाना क्षेत्र के बाईग्राम के पहले एक ढाबे के सामने अनियंत्रित होकर पलट गयी।
दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गयी और 39 अन्य यात्री घायल हो गए, जिन्हें समीप के अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ यात्रियों को इंदौर रैफर कर दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।
