अलवर : राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ में बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के नाडका गांव के समीप पिकअप और मोटरसाइकिल के टकरा जाने से आज सुबह दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार धोली गांव निवासी राजू कुमार और उसका साथी सोनू प्रजापत अपने गांव से एमआईए स्थित कंपनी में काम करने आ रहे थे तभी उनकी मोटरसाइकिल और पिकअप आपस में टकरा गए। हादसे में राजू कुमार और सोनू प्रजापत की मौके पर मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के कारण सड़क पर जाम लग गया जिसे खुलवा कर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने पिकअप को मौके पर जप्त कर लिया।
