हिसार : हरियाणा में यहां राजगुरु मार्किट में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने शनिवार सुबह दुकान का जब शटर उठाया तो एक पर्ची मिली, जिसमें पांच दिन में 20 लाख रुपए देने के लिए कहा गया है। दुकानदार ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस फिलहाल बाजार के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। बालाजी कलेक्शन गारमेंट्स दुकान के संचालक बंटी ने बताया कि सुबह करीब 10:05 पर उसने दुकान खोली तो शटर उठाने पर उन्हें एक पर्ची मिली। पर्ची पर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। वहीं फिरौती न देने पर दुकान मालिक के दोनों बेटों को मारने की धमकी दी गई है। फिरौती मांगने वाले ने खुद का नाम सुरेश ढंढूरिया गैंगस्टर बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
