गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विदेश भेजने के नाम पर 24 लाख 60 हजार ठगे, मुकदमा दर्ज

सिरसा : हरियाणा में सिरसा नगर के हुडा सेक्टर-19 में रहने वाली एक महिला को विदेश भेजने के नाम पर पांच लोगों ने 24 लाख 60 हजार रुपए ठग लिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना के जांच अधिकारी राजेश के अनुसार सेक्टर 19 हुडा निवासी नीतू मेहता पत्नी सुमित भंडारी विदेश में जाकर जॉब करना चाहती थी। उसका संपर्क चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में स्थित वीजा इमिग्रेशन के अमनप्रीत, अर्शप्रीत, स्मृति, आकाश व पूजा से हुआ। उक्त लोगों ने नीतू से कहा कि वह उसे वर्क वीजा लगवाकर विदेश भेज देंगे। नीतू ने ऑस्ट्रेलिया जाने की इच्छा जताई। उक्त लोगों ने ऑस्ट्रेलिया भेजने व वहां जॉब लगवाने की नाम पर 24 लाख 600 हजार रुपए मांगे।
नीतू का कहना है कि वह उक्त राशि देने पर सहमत हो गई और जब-जब उससे जितने रुपए मांगे गए वह देती गई। बार-बार चक्कर लगाने के बाद आठ मई 2023 को स्मृति व आकाश ने उसे एक ऑफर लेटर दिया। नीतू ने ऑफर लेटर की जांच की तो पता चला कि यह फर्जी है और ऑस्ट्रेलिया से नहीं आया। नीतू मेहता ने इसकी शिकायत की तो उससे कहा कि आपको ऑफर लेटर से क्या लेना-देना, हमने आपकी नौकरी ऑस्टेलिया में लगा दी है और वर्क वीजा भी जल्द आ जाएगा।
बीते वर्ष सात जून को नीतू के पति के पास कॉल आई, जिसमें बताया गया कि हमने आपका वर्क वीजा लगवा दिया है और ऑफर लेटर भी वॉट्सऐप कर दिया है। नीतू ने इसकी फिर जांच कराई तो यह भी फर्जी निकला। इसके बाद नीतू अपने पति और रिश्तेदारों संग उक्त लोगों के ऑफिस पहुंची तो पता चला कि ये ऑफिस यहां से शिफ्ट हो चुका है। तत्पश्चात नीतू को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो गई है। नीतू ने सिविल लाइन थाना सिरसा को अपनी शिकायत दी।
जांच अधिकारी राजेश का कहना है कि आरोपियों पर आईपीसी की धारा 420/406/506/120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *