नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ने गुरुवार को बेल्जियम में 22 से 26 मई तक होने वाली एफआईएच प्रो लीग 2023-24 चरण के लिए 24 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। एफआईएच प्रो लीग 2023-24 का बेल्जियम चरण 22 से 26 मई तक चलेगा, जबकि इंग्लैंड चरण एक जून को शुरू होगा और नौ जून को समाप्त होगा।
भारत 22 मई को सलीमा टेटे की अगुवाई में अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए दोनों चरणों में अर्जेंटीना, बेल्जियम, स्पेन, इंग्लैंड और जर्मनी के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगा। भारत फिलहाल आठ मैचों में आठ अंक लेकर छठे स्थान पर है। इस बीच, मिडफील्डर नवनीत कौर उपकप्तान बनाया गया।
गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सविता और बिचू देवी खारीबाम पर होगी, जबकि रक्षात्मक पंक्ति में निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, मोनिका, ज्योति छत्री और महिमा चौधरी शामिल हैं।
मिडफील्ड : सलीमा टेटे, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, नवनीत कौर, नेहा, ज्योति, बलजीत कौर, मनीषा चौहान और लालरेम्सियामी जैसे गतिशील खिलाड़ियों द्वारा किया जाएगा।
फॉरवर्ड पंक्ति में मुमताज खान, संगीता कुमारी, दीपिका, शर्मिला देवी, प्रीति दुबे, वंदना कटारिया, सुनेलिता टोप्पो और दीपिका सोरेंग हैं।
टीम चयन और कप्तान नियुक्त किए जाने पर सलीमा टेटे ने कहा, “मुझे खुशी है कि मुझे टीम की अगुवाई के लिए नियुक्त किया गया है। यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और मैं इस नई भूमिका का इंतजार कर रही हूं। हमारे पास एक मजबूत टीम है और इसमें अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2023-2024 के आगामी बेल्जियम और इंग्लैंड चरणों में, हम अपना जानदार प्रदर्शन आगे बढ़ाना चाहते हैं। हम शिविर में कड़ा प्रशिक्षण ले रहे हैं। हमने उन क्षेत्रों पर काम किया है जहां हमें सुधार की जरूरत थी। मुझे यकीन है कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे और मन मुताबिक नतीजे हासिल करेंगे।”
उप-कप्तान नवनीत कौर ने कहा, “भारतीय महिला हॉकी टीम के उप-कप्तान के रूप में नामित होने पर विश्वास हीं नहीं हो रहा है। मैं एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2023-24 में इस टीम के साथ जुड़ने के लिए काफी उत्साहित हूं, जहां हम गुणवत्तापूर्ण टीमों से खेलेंगे। हमारे पास एक अच्छी टीम है और हमें विश्वास है कि हम प्रो लीग के यूरोप चरण में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मैं भी अपने खेल पर काम करना और सुधार करना चाहती हूं। एसएआई, बेंगलुरु में हमारा एक शिविर हुआ था जहां हमने बेहतरीन प्रशिक्षण लिया और मैं आगामी खेलों का इंतजार कर रही हूं।”
भारतीय महिला हॉकी टीम:
गोलकीपर: सविता, बिच्छू देवी खारिबाम
डिफेंडर: निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, मोनिका, ज्योति छत्री, महिमा चौधरी,
मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), वैष्णवी विट्ठल फाल्के, नवनीत कौर (उपकप्तान), नेहा, ज्योति, बलजीत कौर, मनीषा चौहान, लालरेम्सियामी,
फॉवर्ड: मुमताज खान, संगीता कुमारी, दीपिका, शर्मिला देवी, प्रीति दुबे, वंदना कटारिया, सुनेलिता टोप्पो और दीपिका सोरेंग।
