677 से ज्यादा ट्रांसफार्मर ठप, कई जगह छाया अंधेरा
शिमला : हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के कारण काफी संख्या में सड़कें अवरुद्ध होने से कई इलाकों का सम्पर्क टूट गया है और इसके कारण प्रदेश में 241 सड़कें अवरुद्ध हैं, 677 ट्रांसफार्मर ठप है तथा कई इलाकों में अंधेरा छाया हुआ है। शिमला जिला के ऊपरी इलाकों का भारी बर्फबारी से राज्य मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है। कुफ़री, फागु, नारकंडा, चौपाल तथा खड़ापत्थर जाने वाली सड़कें बंद पड़ गई हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक बर्फ़बारी से छह नेशनल हाइवे सहित 241 सड़कें अवरुद्ध हैं। साथ ही 677 ट्रांसफार्मर ठप होने से कई जगह बिजली गुल हो गई है।
जनजातीय बाहुल्य जिला लाहौल-स्पीति में सबसे ज्यादा 139 सड़कें बंद हैं। इनमें लाहौल मंडल की 86, उदयपुर मंडल की 48 और स्पीति मंडल की छह सड़कें शामिल हैं। चम्बा जिला में 38, किन्नौर में 25, मंडी में 14, शिमला में 13, कुल्लू में 3 और कांगड़ा में 1 सड़क अवरुद्ध है। कुल्लू में 3 और किन्नौर व लाहौल-स्पीति में एक-एक नेशनल हाइवे भी बर्फ़बारी से बंद है। इस बारिश-बर्फ़बारी से चम्बा जिला में 237 औऱ कुल्लू में 151 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़ गए हैं। इसी तरह लाहौल-स्पीति में 132, मंडी में 77, ऊना में 72 और किन्नौर में आठ ट्रांसफार्मर बंद हैं।
भारी हिमपात के कारण डोभी, कटराई से आगे मनाली की तरफ कोई भी वाहन नहीं छोड़ा जा रहा। पुलिस ने मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिती में कुल्लू पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 8219681600 पर संपर्क कर सकते हैं।
राज्य के आठ जिलों में हिमपात हो रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि चम्बा जिला के पांगी तथा भटियात में 10-10 इंच, डलहौजी में चार इंच और भरमौर दो इंच, कांगड़ा जिला के बड़ा भंगाल में 12 इंच और बीड़ बिलिंग में पांच इंच, किन्नौर के कल्पा, छितकुल और सांगला में पांच-पांच इंच, कल्लू जिला के पर्यटन स्थल मनाली में 15 इंच तथा जलोड़ी जोत में सात इंच, लाहौल स्पीति के केलांग में 13 इंच, तिन्दी में 10 इंच, उदयपुर और झालमा में 7-7 इंच, मंडी जिला के कमरू नाग में डेढ़ फीट शिकारी देवी में दो फिट, पराशर लेक में 12 इंच, शिमला जिला के चंचल में डेढ़ फीट, खिड़की में पांच इंच, कुफरी में दो इंच और सिरमौर जिला के नारा धार में 10 इंच ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। कुल्लू जिला की विख्यात पर्यटन नगरी मनाली बर्फ से लकदक हो गई है। यहां सीजन की पहली भारी बर्फबारी हुई है।
किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से लकदक हो गए हैं। किन्नौर जिले के रक्षम, भावावैली, छितकुल, कल्पा, कुन्नौचारंग, नेसंग, हांगो और चुलिंग में भारी बर्फबारी हुई है। कम ऊंचाई वाले भागों में बारिश दर्ज की गई है। ताजा हिमपात और बारिश से समूचा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है। सोलन जिले के बद्दी, नालागढ़ क्षेत्र में भी सुबह से बारिश हो रही है। इससे जहां ठंड में इजाफा हुआ है, वहीं किसानों, बागवानों को भी राहत मिली है।
राज्य में बादलों के बरसने से तापमान में भारी गिरावट आयी है और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पूरा प्रदेश भीषण शीतलहर की जद में आ गया है। बीते 24 घण्टों में राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री लुढ़क गया। छह शहरों का पारा माइनस में रिकार्ड किया गया।
वहीं राजधानी शिमला में मौसम की सबसे सर्द रात रही। शिमला में आज न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -3.1 डिग्री, कल्पा में -2.4 डिग्री, समधो व नारकंडा में -2.1 डिग्री, रिकांगपिओ में -0.2 डिग्री और मनाली में -0.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के बर्फीले इलाकों में एक दर्जन से ज्यादा सरकारी और निजी बसें फंसीं हुई हैं। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में बर्फबारी-बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऊपरी क्षेत्रों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। भारी बर्फबारी के चलते कुल्लू से मनाली की तरफ जाने वाली बस सेवाएं भी प्रभावित हैं। बर्फबारी और बारिश से सड़कें व रास्ते बंद होने से कुल्लू के स्कूलों में दो फरवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। बर्फबारी से अटल टनल रोहतांग होकर मनाली-केलांग नेशनल हाईवे सहित कई सड़कें बाधित हो गई हैं।
लाहौल का संपर्क कुल्लू जिला से कट गया है। जबकि कई गांवों में बिजली भी गुल हो गई है। बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। वहीं बारिश के चलते मनाली की ओर बस सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं। मनाली की ओर जाने वाली बसों को पतलीकूहल से आगे नहीं भेजा जा रहा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बसों के पहिये थम जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, मनाली में गुरुवार सुबह बारिश का दौर शुरू हो गया है। सड़कें बारिश के चलते लबालब हो गईं। कुल्लू में भी बारिश हुई। नालियों की उचित निकासी नहीं होने से लोगों को दिक्कतें पेश आ रही है। बारिश व बर्फबारी के चलते कुल्लू व लाहौल घाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आज बर्फ़बारी का येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान पहाड़ी इलाकों शिमला, चम्बा, लाहौल स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों में बर्फबारी का क्रम जारी रहेगा। कल से बर्फ़बारी में कमी आएगी। मैदानों में भी कल बारिश से राहत मिलने के आसार हैं। तीन व चार फरवरी को मौसम फिर खराब रहेगा। लेकिन इस दौरान कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
