नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विदेशी राजनयिकों के बीच अपनी पहचान बनाने तथा राजनीतिक संपर्क स्थापित करने के लिए शुरू की गई “भाजपा को जानें” मुहिम के तहत यहां स्थित 13 मिशनों के 25 राजनयिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को यहां होने वाली रैली में भाग लेंगे।
भाजपा के विदेश विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने आज यहां एक विज्ञप्ति में कहा कि भारत के लोकतंत्र के सबसे बड़े त्योहार, लोकसभा चुनाव के चल रहे जश्न के बीच, भारत में तेरह राजनयिक मिशनों के 25 प्रतिनिधि 18 मई को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री मोदी की रैली में लोगों के उत्साह का अनुभव करेंगे।
श्री चौथाईवाले ने कहा कि उपस्थित होने वाले लोगों में ऑस्ट्रेलिया, बंगलादेश, भूटान, इंडोनेशिया, जापान, मॉरीशस, नेपाल, रूस, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका, थाईलैंड और ब्रिटेन के राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा शुरू की गई ‘भाजपा को जानें’ मुहिम का हिस्सा है। यह पहल राजनयिक समुदाय के साथ-साथ विभिन्न देशों के राजनीतिक दलों को भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीवंत और गतिशील प्रकृति को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर प्रदान करता है।
मोदी की रैली में शामिल होंगे 13 मिशनों के 25 राजनयिक
