विदिशा : मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में आज दोपहर क्यूटन नदी में नहाते समय तीन बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई।पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के गंजबासौदा तहसील के उदयपुर क्षेत्र के महोली गांव के पास स्थित क्यूटन नदी में नहाते समय महोली गांव के निवासी ऋषि रघुवंशी (14), कृष्णा रघुवंशी (8) और उत्तम रघुवंशी (15) नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने दो बच्चों के शव नदी से निकाले।
जबकि तीसरे बच्चे का शव एसडीआरएफ की टीम ने नदी से बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए हैं। इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवार को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
