सीहोर : मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के देलावाड़ी घाट पर आज एक लोडिंग वाहन के पलटने से उसमें सवार तीन महिलाओं की मौत हो गयी और नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार लोडिंग वाहन में करीब 12 श्रद्धालु सवार होकर दोपहर सलकनपुर देवीधाम जा रहे थे। तभी देलावाड़ी घाट पर यह लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दुरियाबाई (90), सावित्रीबाई (55), फूलवतीबाई (55) की मौत हो गयी जबकि नौ लोग घायल हो गए, जिनको एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए औबेदुल्लागंज अस्पताल भेजा गया। हादसे में वाहन भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
