गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लातेहार में मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर

सर्च अभियान के दौरान दो इंसास और एक एसएलआर राइफल बरामद
लातेहार :
लातेहार के बेंदी जंगल में सुरक्षा बल और प्रतिबंधित संगठन जेजे एमपी के नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। सर्च अभियान में पुलिस को 3 राइफल भी मिले हैं। पुलिस और नक्सलियों के बीच, शाम के तकरीबन चार बजे यह मुठभेड़ शुरू हुई है। लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है।
अभी भी जारी है सर्च अभियान
पुलिस इलाके में सर्च अभियान चला रही थी, तभी अचानक नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है और तीन नक्सलियों को मार गिराया। नक्सलियों के पास से दो इंसास और एक एसएलआर राइफल भी बरामद किए हैं। इलाके में अब भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि जेजेएमपी की एक टीम पप्पू लोहरा के नेतृत्व में लातेहार, मनिका थाना क्षेत्र में काम करती है। हमें सूचना थी कि वह बेंदी जंगल में सक्रिय हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले हैं। कुछ लोगों से लेवी वसूलने आए थे। हमने दो टीम का गठन किया है। हम जैसे ही पहुंचे हमारे जवानों के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। तीन उग्रवादी इस मुठभेड़ में मारे गए हैं। इस इलाके में अभी कुछ और उग्रवादी हैं जो छिपे हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने बताया, हमें सूचना थी हमने त्वरित कार्रवाई की है और हमें सफलता मिली। हमारी टीम ट्रैक कर रही थी, उनका पीछा करते हुए यह सफलता मिली है। अबतक किसी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को नक्सलियों के पास से हथियार भी मिले हैं।
नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान तेज
पूरे राज्य में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रखा है। नक्सलियों के कई ठिकानों पर सुरक्षा बलों ने भारी हथियार बरामद किए हैं। तीन सप्ताह पहले ही लातेहार में नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमिटी) के 5 लाख के इनामी कमांडर विराज गंझू उर्फ राकेश सहित 3 हार्डकोर नक्सलियों गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही थी। पुलिस को इस सर्च अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार तीन नक्सली ढेर हुए तो कुछ मौके से भागने में सफल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *